अजमेर रेल मंडल में गांधी जयंती एवं ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
Mohit Jain
अजमेर रेल मंडल में गांधी जयंती एवं ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
अजमेर : 02 अक्टूबर 2026
उत्तर पश्चिम रेलवे, अजमेर मंडल पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं ‘स्वच्छता पखवाड़े’ के अंतर्गत स्वच्छता शपथ व पौधारोपण सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अजमेर मंडल पर स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत 01 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
विज्ञापन
अजमेर में कार्यक्रम की शुरुआत में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा, महिला कल्याण संगठन अजमेर की अध्यक्षा रिंकल भूतड़ा, अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रेम रंजन ठाकुर सहित अन्य शाखा अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूज्य बापू की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा द्वारा उपस्थित रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई। स्वच्छता सेल्फी स्टैंड पर मंडल रेल प्रबंधक सहित रेल अधिकारियों ने स्वच्छता सेल्फी ली।
इसके बाद पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर निर्माण के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के निकट स्थित तरण-ताल परिसर में एक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए उत्साहपूर्वक पौधे रोपे और उनके नियमित संरक्षण व संवर्धन का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी रेलकर्मियों ने स्वच्छ, हरित एवं सतत रेलवे परिसर के निर्माण में अपनी सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा जन-जन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इसी प्रकार के वृक्षारोपण व स्वच्छता कार्यक्रम मंडल के ब्यावर, मारवाड़ जंक्शन, फालना, रानी, आबूरोड, भीलवाड़ा, मावली व उदयपुर सहित अन्य स्टेशनों पर आयोजित किए गए।
उत्तर पश्चिम रेलवे अजमेर मंडल में “स्वच्छता ही सेवा” अभियान-2026 का आयोजन 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की थीम पर किया गया। इस अभियान के अंतर्गत मंडल के स्टेशनों, कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों एवं रेल परिसरों में प्रतिदिन अलग-अलग थीम “स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता”, स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों एवं गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स का रूपांतरण, “स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ पब्लिक”, जन भागीदारी, कचरे का पृथक्करण, कम्पोस्टिंग तथा से नो टू प्लास्टिक (Say No to Plastics), स्वच्छता से समृद्धि एवं कबाड़ से जुगाड़ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।