अवैध मादक पदार्थों की बिक्री व अवैध अड्डे के खिलाफ कार्रवाई की मांग
Mohit Jain
अवैध मादक पदार्थों की बिक्री व अवैध अड्डे के खिलाफ कार्रवाई की मांग
नसीराबाद उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
नसीराबाद : 31 जुलाई 2026
( निखिल गुर्जर की रिपोर्ट )
नसीराबाद के निकटवर्ती ग्राम बलवंता के ग्रामीणों ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं सेवन कराए जाने के विरोध में उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बलवंता चौराहे के पास स्थित कॉलोनी में त्रिवेणी मॉल के पीछे वाली गली में एक मकान में अवैध रूप से नशीले पदार्थों की बिक्री एवं सेवन कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ समय पूर्व पुलिस द्वारा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई थी, लेकिन अब पुनः उसी स्थान पर अवैध कारोबार शुरू हो गया है।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने बताया कि इस अवैध गतिविधि के कारण ग्राम बलवंता एवं निकटवर्ती ग्राम जटिया के युवा तथा स्कूली बच्चे इसकी चपेट में आ रहे हैं, जिससे उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 30 जुलाई की रात ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से इन गतिविधियों का शांतिपूर्ण विरोध किया, लेकिन विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी गईं कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इससे क्षेत्र में भय एवं असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे उच्च पुलिस अधिकारियों, जिला प्रशासन एवं अन्य सक्षम अधिकारियों के समक्ष शिकायत प्रस्तुत करने को विवश होंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान लक्ष्मण गुर्जर, देवेंद्र गुर्जर, शिवराज गुर्जर, कैलाश, आकाश मेघवंशी, राजेंद्र गुर्जर, पिंटू पोसवाल, भागचंद, शैतान, सुरेश, हनुमान सिंह रावत, जयंत नागौरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।