Thursday, February 26, 2026
spot_img
Homeअजमेरआरडीसी 2026 में सोफिया कॉलेज की कैडेट ऋत्विका राठौड़ ने बढ़ाया राजस्थान...

आरडीसी 2026 में सोफिया कॉलेज की कैडेट ऋत्विका राठौड़ ने बढ़ाया राजस्थान का मान

आरडीसी 2026 में सोफिया कॉलेज की कैडेट ऋत्विका राठौड़ ने बढ़ाया राजस्थान का मान

 

अजमेर : 26 फरवरी 2026

सोफिया कॉलेज (स्वायत्त), अजमेर की एनसीसी कैडेट पीओ कैडेट ऋत्विका राठौड़ ने प्रतिष्ठित गणतंत्र दिवस परेड 2026 (आरडीसी 2026) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कॉलेज एवं राजस्थान का नाम गौरवान्वित किया है। उनका यह अनुभव सम्मान, अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव से परिपूर्ण एक अविस्मरणीय यात्रा रहा। ऋत्विका की आरडीसी यात्रा का प्रारंभ सितंबर माह में बांसवाड़ा में आयोजित प्रथम चयन शिविर से हुआ। प्रारंभिक चरण उत्तीर्ण करने के पश्चात उन्होंने उदयपुर में आयोजित दो प्रशिक्षण एवं चयन शिविरों में भाग लिया, जहाँ फायरिंग, सर्विस सब्जेक्ट्स, समूह चर्चा, साक्षात्कार एवं ड्रिल सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए कठोर अभ्यास कराया गया। इसके पश्चात जयपुर में आयोजित चयन शिविर में जयपुर ग्रुप के कैडेट्स के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए उन्होंने अंतिम रूप से राजस्थान निदेशालय दल के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।

राजस्थान निदेशालय से ‘बेस्ट कैडेट’ के रूप में चयनित होना उनके लिए अत्यंत सम्मान एवं जिम्मेदारी का विषय रहा।

कॉलेज प्राचार्य प्रोफेसर सिस्टर पर्ल ने बताया की आरडीसी का एक और प्रमुख आकर्षण प्रतिष्ठित ‘प्रधानमंत्री रैली’ रहा, जिसमें भारत के माननीय प्रधानमंत्री द्वारा सभी 17 एनसीसी दलों का निरीक्षण किया गया। देश के सर्वश्रेष्ठ कैडेट्स के मध्य खड़े होकर इस भव्य राष्ट्रीय आयोजन का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व एवं प्रेरणा का क्षण था।

आरडीसी 2026 के दौरान उन्हें देश के सर्वोच्च नेतृत्व—राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, डीजी एनसीसी, तीनों सेनाओं के प्रमुखों, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ तथा राजस्थान के राज्यपाल—से संवाद का अवसर प्राप्त हुआ। प्रत्येक संवाद ने उनके भीतर राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को और सुदृढ़ किया।

आरडीसी की सफल पूर्णता के पश्चात 1 फरवरी को वे जयपुर लौटीं, जहाँ निदेशालय स्तर पर ‘इंटरैक्शन एवं फेलिसिटेशन कैंप’ का आयोजन 8 फरवरी तक किया गया। इस अवधि में ‘डी-किटिंग’ प्रक्रिया एवं सम्मान समारोह आयोजित हुआ। उन्हें लोक भवन में राजस्थान के माननीय राज्यपाल से संवाद का अवसर मिला। ऋत्विका राठौड़ की यह उपलब्धि सोफिया कॉलेज (स्वायत्त), अजमेर के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। महाविद्यालय प्रशासन, प्राचार्या एवं एनसीसी इकाई ने उनकी इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर हार्दिक बधाई प्रेषित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular