एमडीएसयू में योग दिवस की तैयारियां तेज, निबंध प्रतियोगिता संपन्न
Mohit Jain
एमडीएसयू में योग दिवस की तैयारियां तेज, निबंध प्रतियोगिता संपन्न
समृद्ध भारत की विरासत-योग विषय पर 57 प्रतिभागियों ने दिखाया उत्साह
अजमेर : 18 जून 2026
( मानसी माहेश्वरी की रिपोर्ट )
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के योग विज्ञान एवं मानवीय चेतना विभाग द्वारा “समृद्ध भारत की विरासत-योग” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों तथा पूर्व छात्र-छात्राओं सहित कुल 57 प्रतिभागियों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
विज्ञापन
योग दिवस को लेकर विश्वविद्यालय स्तर पर विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के निर्देशानुसार शहर के सामुदायिक भवन, शास्त्री नगर, शिवपुरी कॉलोनी, मीरशाली तथा विश्वविद्यालय के पतंजलि भवन में योग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग सहभागिता कर रहे हैं।
योग विज्ञान एवं मानवीय चेतना विभाग के प्रभारी डॉ. आशीष पारीक ने बताया कि कार्यक्रमों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए विभाग में पुरुष एवं महिला योगासन टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राएं भी हिस्सा ले सकेंगे। यह प्रतियोगिता सभी इच्छुक प्रतिभागियों के लिए खुली है तथा ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्रतियोगिता में प्रवेश के लिए गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन किए जा रहे हैं, जिसकी अंतिम तिथि आज शाम 5 बजे तक निर्धारित है।
काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित निबंध प्रतियोगिता, योगासन वीडियो निर्माण प्रतियोगिता तथा योगासन प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।