चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की परियोजना निदेशक डॉ. प्रिया भार्गव ने किया अजमेर में डिस्पेंसरी का औचक निरीक्षण
अजमेर : 14 मार्च 2026
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की परियोजना निदेशक (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) डॉ. प्रिया भार्गव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा द्वारा शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंद्रवरदाई नगर एवं पंचशील नगर, अजमेर का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं, स्वच्छता व्यवस्था, मरीजों की पंजीयन व्यवस्था, दवा वितरण तथा प्रयोगशाला सेवाओं का अवलोकन किया गया। अधिकारियों द्वारा स्वास्थ्य केंद्र में संचालित मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की उपलब्धता एवं क्रियान्वयन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को योजनाओं के अंतर्गत निःशुल्क दवाइयों एवं जांच सुविधाओं का लाभ सुचारू रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं, इसकी भी जानकारी ली गई। अधिकारियों ने दवा भंडारण, रिकॉर्ड संधारण तथा मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों जैसे टीकाकरण कार्यक्रम, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार कल्याण कार्यक्रम, क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, गैर संचारी रोग (NCD) कार्यक्रम आदि की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
अधिकारियों द्वारा स्वास्थ्य केंद्र की स्वच्छता व्यवस्था, ओपीडी सेवाओं, प्रयोगशाला जांचों तथा स्टाफ की उपस्थिति का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों को आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के निरीक्षण किए जाते हैं ताकि आमजन को राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।



