जिला कलक्टर ने स्मार्ट सिटी परियोजना अंतर्गत निर्मित कलेक्ट्रेट के नवीन भवन का किया अवलोकन
Mohit Jain
जिला कलक्टर ने स्मार्ट सिटी परियोजना अंतर्गत निर्मित कलेक्ट्रेट के नवीन भवन का किया अवलोकन
अजमेर : 20 मार्च 2026
जिला कलक्टर लोक बंधु ने स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत नव निर्मित कलेक्ट्रेट भवन का शुक्रवार को अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भवन की संरचना, गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि भवन को आमजन की आवश्यकताओं के अनुरूप उपयोगी एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में आगामी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं।
विज्ञापन
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि भवन के उपयोग प्रारंभ करने से पूर्व वृद्धजन एवं दिव्यांगजन के लिए आवश्यक सभी सुलभ सुविधाएं जैसे रैम्प, लिफ्ट एवं संकेतक बोर्ड की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नवीन भवन का उद्देश्य आमजन को एक ही परिसर में विभिन्न विभागीय सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभागों के सुचारू स्थानांतरण एवं व्यवस्थापन की कार्यवाही भी योजनाबद्ध तरीके से की जाए।
उन्होंने भवन में स्वच्छता, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, शौचालय एवं डिजिटल सूचना प्रणाली जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्रारंभ से ही व्यवस्थित एवं कार्यशील रखने को निर्देशित किया।
जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन के संचालन से पूर्व सभी आवश्यक परीक्षण, सुरक्षा मानकों की पुष्टि एवं व्यवस्थाओं का ट्रायल सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अवलोकन के दौरान अधिकारियों एवं कार्मिकों के बैठने की व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों के साथ चर्चा की। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक व्यवस्था आमजन की सुविधा के अनुसार होनी चाहिए। क्षेत्र से आने वाले व्यक्तियों को प्रभाग ढूंढने एवं संबंधित व्यक्ति से संपर्क करने में कम से कम समय लगे। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर संकेतक एवं प्रभागों की नाम पट्टीका लगी होनी चाहिए। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी परियोजना के अधिकारी एवं संबंधित विभागों के कार्मिक उपस्थित रहे।