Marudhara Today

टीबी-मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अजमेर जिला हुआ राज्य स्तर पर सम्मानित

(टीबी-मुक्त भारत अभियान)

अजमेर जिला हुआ राज्य स्तर पर सम्मानित

जयपुर में आयोजित हुआ राज्य स्तरीय सम्मान समारोह एवं पीडियाट्रिक टीबी कार्यशाला

अजमेर : 27 मार्च 2026

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आज शुक्रवार को राज्य स्तरीय सम्मान समारोह एवं पीडियाट्रिक टीबी स्टेकहोल्डर कार्यशाला का आयोजन जयपुर में किया गया। इसमें टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कार्मिकों आदि को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी अजमेर डॉ. लोकेश गुप्ता को टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत निक्षय पोषण योजना एवं टीबी प्रीवेंटिव ट्रीटमेंट में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया।

डॉ. लोकेश गुप्ता ने इस सम्मान का श्रेय जिले की मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्स्ना रंगा एवं अपनी NTEP टीम को दिया, उन्होंने कहा की CMHO डॉ. ज्योत्स्ना रंगा के मार्गदर्शन, NTEP टीम एवं अजमेर जिले के सम्पूर्ण चिकित्सा विभाग के अथक प्रयासों से यह सम्मान जिले को प्राप्त हुआ है।

विज्ञापन

कार्यक्रम निदेशक जन स्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा एवं राज्य क्षय रोग अधिकारी डॉ. पुरषोत्तम सोनी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निदेशक, जन स्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने अपने संबोधन में टीबी उन्मूलन हेतु बहु-क्षेत्रीय समन्वय, सामुदायिक सहभागिता तथा बाल स्वास्थ्य कार्यक्रमों के साथ पीडियाट्रिक टीबी के प्रभावी एकीकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी इस दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जमीनी स्तर पर कार्य को और सुदृढ़ करने, जनभागीदारी गतिविधियों के माध्यम से व्यापक जागरूकता फैलाने तथा चिन्हित उच्च जोखिम वाले गांवों में आयुष्मान आरोग्य शिविरों के माध्यम से टीबी जांच एवं उपचार सेवाओं को बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया।

राज्य टीबी अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम सोनी ने सभी जिलों की समीक्षा करते हुए “टीबी मुक्त भारत अभियान – 100 दिवसीय” के सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। राज्य नोडल अधिकारी टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान डॉ. एस.एन. धौलपुरिया ने टीबी मुक्त पंचायतों की संख्या बढ़ाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु आवश्यक निर्देश दिए।    

 

100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान

100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान में केंद्रीय क्षय अनुभाग नई दिल्ली द्वारा चिन्हित हाई रिस्क गांव के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा जिसके अंतर्गत 14 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों की टीबी स्क्रीनिंग कर उनकी एचबी, शुगर, बीपी, बीएमआई जांच सहित उनकी एक्सरे जांच की जाएगी और यदि मरीज़ की एक्सरे जांच एब्नार्मल पाई जाती है तो मरीज़ का NAAT जाँच हेतु बलगम का सैंपल लिया जाकर उसकी NAAT जांच की जाएगी और यदि मरीज़ NAAT जांच में टीबी रोग से ग्रसित पाया जाता है तो उसे टीबी का इलाज दिया जाएगा

इसके अतिरिक्त उच्च जोखिम वाले समूह (high risk groups) जैसे छात्रावास, ओल्ड ऐज होम, अनाथ आश्रम, जेल, किशोर निरोध केंद्र (juvenile detention center), निराश्रित केंद्र (destitute center), रेन बसेरा, सरकार द्वारा आवंटित बीपीएल क्वाटर्स, औद्योगिक क्षेत्र आदि में भी उक्त अभियान की समस्त गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

Exit mobile version