Marudhara Today

नसीराबाद के खटीक मोहल्ला स्थित मकान में लगी भीषण आग

नसीराबाद के खटीक मोहल्ला स्थित मकान में लगी भीषण आग, हजारों रुपये का सामान जलकर राख

 

नसीराबाद : 06 जून 2026

(निखिल गुर्जर की रिपोर्ट)

 

नसीराबाद शहर के खटीक मोहल्ला वार्ड नंबर 5 स्थित एक मकान में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से घर में रखे हजारों रुपये मूल्य के कपड़े एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए।

विज्ञापन
विज्ञापन

प्राप्त जानकारी के अनुसार मकान मालिक मनोज खींची ने अपना मकान किराए पर गजेंद्र मेहरा को दे रखा है। घटना के समय मकान में कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद छावनी परिषद एवं नगर पालिका की फायर ब्रिगेड समय पर मौके पर नहीं पहुंची। स्थिति को देखते हुए सप्लाई डिपो नसीराबाद एवं अजमेर से दमकल वाहन बुलाए गए।

सप्लाई डिपो नसीराबाद की फायर ब्रिगेड तथा स्थानीय नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। गनीमत रही कि घटना के समय मकान खाली था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना पर सिटी थाना प्रभारी पंकज कुमार, एएसआई मनोज कुमार, रिंकू मीणा एवं प्रवीण कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने आपातकालीन परिस्थितियों में दमकल सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा फायर ब्रिगेड व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की मांग प्रशासन से की है।

Exit mobile version