Marudhara Today

अजमेर जिले में नशे के विरुद्ध समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई के कलक्टर ने दिए निर्देश

जिला स्तरीय एनसीओआरडी समिति की बैठक आयोजित

नशे के विरुद्ध समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई के दिए निर्देश

अजमेर : 3 जून 2026

अजमेर जिले में नशे की रोकथाम, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर एनसीओआरडी समिति की बैठक बुधवार को जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।

विज्ञापन
विज्ञापन

 जिला कलक्टर लोक बन्धु ने संबंधित विभागों को नशे के विरुद्ध सख्त, समन्वित एवं परिणामोन्मुख कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्रग्स सप्लाई चेन को जड़ से समाप्त करने के लिए पुलिस, आबकारी, चिकित्सा, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। नशे की आपूर्ति से जुड़े संभावित मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय बनाया जाए। 

जिला कलक्टर ने निर्देशित किया संदिग्ध स्थानों पर डिकॉय ऑपरेशन संचालित किए जाएं। छद्म भेष में जांच कर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री एवं आपूर्ति में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा वहां उपचार के लिए आने वाले व्यक्तियों एवं किशोरों से नशे की उपलब्धता एवं सप्लायरों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। नशे की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उपचार प्राप्त कर चुके व्यक्तियों से सतत संपर्क बनाए रखने को निर्देशित किया।

 चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को मेडिकल दुकानों का औचक निरीक्षण कर शेड्यूल-एच दवाओं के विक्रय एवं रिकॉर्ड की जांच करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कोटपा अधिनियम के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष सेमिनार, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं ड्रग फ्री कैंपस अभियान संचालित किए जाएं। 

 जिला कलक्टर ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई के साथ व्यापक जनजागरूकता भी आवश्यक है। इसके लिए स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता अभियान संचालित कर समाज की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

विज्ञापन

 बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेन्द्र सिंह मीणा ने जिले में नशे के विरुद्ध की गई कार्रवाईयों की जानकारी दी। पुलिस विभाग द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर नियंत्रण के लिए की जा रही कार्रवाईयों से भी अवगत कराया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा सहित पुलिस, आबकारी, चिकित्सा, शिक्षा, समाज कल्याण एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version