Marudhara Today

अजमेर में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

अजमेर में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

अजमेर : 21 अक्टूबर 2026

 

अजमेर जिले में सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने, मृत्यु दर को न्यूनतम करने तथा सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा कार्ययोजना की तैयारी, क्रियान्वयन एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। 

जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि सड़क सुरक्षा कार्ययोजना को इलेक्ट्रॉनिक दुर्घटना डाटाबेस के विश्लेषण के आधार पर तैयार किया जाए। इससे प्राणघातक दुर्घटनाओं के कारणों, स्थानों एवं समय का वैज्ञानिक आकलन कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने सेफ सिस्टम अप्रोच के तहत प्रवर्तन, इंजीनियरिंग, शिक्षा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया से जुड़े समन्वित प्रयासों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। नसीराबाद रोड़ के कार्य में तेजी लाई जाए। ई-डीएआर एप पर लम्बित एण्ट्री का समयबद्ध निस्तारण करें। अस्थाई समाधान तत्काल प्रभाव से किया जाना चाहिए। 

विज्ञापन
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि जिले के समस्त चिकित्सालयों को प्रधानमंत्री राहत कोष से जोड़ा जाना चाहिए। इससे दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का तत्काल निःशुल्क उपचार सुनिश्चित हो सकेगा। घायलों को दुर्घटना के तत्काल बाद अस्पताल पहुँचाने वाले गुड सेमेटेरियन को मुख्यमंत्री आयुष्मान जीवन रक्षा योजना से जोड़ा जाना चाहिए।

बैठक में सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स का चरणबद्ध तरीके से निवारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसमें अल्पकालीन साइनेज, मार्किंग, मध्यमकालीन लाइटिंग, बैरियर एवं दीर्घकालीन ज्यामितीय सुधार उपाय शामिल होंगे। दुरस्त किए गए ब्लेक स्पॉट की निरन्तर मॉनिटरिंग करने से भविष्य में दुर्घटनों की संभावना में कमी होगी। प्रवर्तन गतिविधियों को सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाना एवं गलत दिशा में वाहन संचालन जैसे फेटल फाइव उल्लंघनों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने को कहा। ब्लैक स्पॉट्स एवं आबादी क्षेत्र में विशेष निगरानी रखते हुए नियमित चालान कार्यवाही एवं अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि जयपुर से अजमेर एन्ट्री पर फ्लाईओवर निर्माण की आवश्यकता पर दस्तावेज तैयार किए जाए। पाटन गांव हाईवे के दोनों ओर स्थित होने से गांव के लोगों का आवागमन रहने के कारण व हाईवे के मध्य बड़ा कट होने के कारण दुर्घटना होने की सम्भावना रहती है। पुष्कर थाना क्षेत्र में नागौर हाईवे पर तिलोरा के पास कडैल चौराहा होने के कारण एक्सीडेन्ट जोन विचार विमर्श किया गया। 

इंजीनियरिंग सुधारों की समीक्षा के दौरान उन्होंने उच्च जोखिम वाले मार्गों पर रोड सेफ्टी ऑडिट कराने, विद्यालयों के आसपास सुरक्षित स्कूल जोन विकसित करने तथा प्रमुख जंक्शनों पर यातायात सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे जिले में दृश्यता सुधार, साइनेज, रोड़ मार्किंग एवं अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही निरंतर जारी रखने को कहा। 

बैठक में शिक्षा एवं जनजागरूकता गतिविधियों पर विशेष जोर देते हुए स्कूलों, कॉलेजों एवं आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति व्यवहार परिवर्तन लाने के लिए नियमित कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। स्कूलों में रोड़ सेफ्टी क्लब गठन, कॉलेजों में हेलमेट अनिवार्यता तथा सामुदायिक स्तर पर जागरूकता अभियानों को प्रभावी रूप से संचालित करने को निर्देशित किया।

उन्होंने कहा कि स्थानीय वाहन चालकों की नेत्र जाँच कर चश्में वितरण का कार्य टेक्सी, ट्रक एवं बस ऑपरेटर यूनियन के साथ समन्वय करके करें। जयपुर रोड़ पर से अवैध कट हटाने की कार्यवाही की जाए। रोडवेज बस स्टैण्ड से अशोक उद्यान तक एवं वैशाली नगर आनासागर सर्क्यूलर रोड़ के अवैध कटों एवं स्पीड ब्रेकर्स को हटाने की कार्यवाही करें। इन कटों को प्रारम्भ में अस्थायी तौर पर परीक्षण के रूप में बंद करके उपयोगिता जाँची जानी चाहिए।

पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अगरवाला ने कहा कि ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं की संख्या तथा उससे होने वाली मृत्यु का पट्ट भी लगवाए। अवैध कट बन्द किए जाने चाहिए। श्रीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के पास फ्लाईऑवर के निर्माण में तेजी लाने की आवश्यकता है। सड़क पर कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षात्मक उपाय करें।

जीरो फेटेलिटी के सम्बन्ध में हुई चर्चा

जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट के सम्बन्ध में भी बैठक में चर्चा की गई। इसमें जिले की प्राणघातक दुर्घटनाओं के सम्बन्ध में विश्लेषणात्मक रिपोर्ट वीसी के माध्यम से रखी गई। इस पर विस्तृत चर्चा के पश्चात आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। जीरो फेटेलिटी के लिए जिला कार्य योजना के आधार पर कार्य किया जाएगा। सायं 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक दुर्घटना रोकने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। 

 

जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि विभिन्न दुर्घटना स्थलों का संयुक्त विभागीय दल द्वारा रोड़ सेफ्टी सर्वे किया जाएगा। इसके लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रवीण कुमार नोडल होंगे। सर्वे के दौरान दिए गए सुझावों पर कार्यवाही की जाएगी। दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के उपचार के सम्बन्ध में चिकित्सालयों के साथ आगामी 10 दिन में संवाद किया जाएगा। 

 

पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अगरवाला ने कहा कि हेलमेट पहनने के लिए वाहन चालकों को जागरूक होना चाहिए। भारी वाहन रोन्ग साईड से आने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। शराब की दुकानों की लगातार जांच की जाएं। रात्रि 8 बजे के पश्चात शराब बिक्री रोकने की कड़ाई से पालना हो।

 

इस अवसर पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता राजेश कुमार शर्मा, सहायक अभियंता सहित परिवहन, नगर निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, अजमेर विकास प्राधिकरण तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version