Marudhara Today

अजमेर में रविवार को डीएवी कॉलेज के खेल मैदान में सजेगा मातृशक्ति का भव्य मानसून फेस्ट

मातृ शक्ति मानसून फेस्ट- 2026 के आयोजन की तैयारियों का विधायक भदेल ने किया निरीक्षण

व्यवस्थाओं को लेकर कार्यकर्ताओं को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

अजमेर : 22 अगस्त 2026

 

 अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल द्वारा 23 अगस्त रविवार  को आयोजित होने वाले भव्य मानसून फेस्ट कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर आयोजन की समस्त व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की तथा सफल आयोजन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

विज्ञापन
विज्ञापन

निरीक्षण के दौरान विधायक भदेल ने खेल मैदान की विद्युत, पेयजल, साफ-सफाई, पार्किंग, सुरक्षा तथा आगन्तुको के लिए मूलभूत सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि फेस्ट में आने वाली महिलाओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा प्रत्येक व्यवस्था समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित रूप से पूर्ण की जाए।

विधायक भदेल ने बताया कि रविवार, 23 अगस्त को डीएवी कॉलेज खेल मैदान, ब्यावर रोड, अजमेर में भव्य मातृ शक्ति मानसून फेस्ट-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष फेस्ट को पहले से ओर अधिक भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया गया है। विधायक भदेल ने बताया कि इस फेस्ट के आयोजन का उद्देश्य यह है कि फेस्ट में भाग लेने वाली महिलाएं न केवल मनोरंजन का भरपूर आनंद ले सकें, बल्कि सशक्तिकरण, जागरूकता, और स्वास्थ्य के पहलुओं को भी आत्मसात कर सकें।

फेस्ट में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा

विधायक भदेल ने कहा कि यह उत्सव महिलाओं के लिए और महिलाओं द्वारा आयोजित किया जा रहा है। मेले में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसमें शामिल होकर उत्सव का आनंद ले सकें और अपने परिवार के साथ यादगार पल बिता सकें।

मनोरंजन से लेकर खरीदारी तक, मेले में होगा बहुत कुछ खास

विधायक भदेल ने बताया कि मानसून फेस्ट में महिलाओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे मिस लहरिया, मिस ट्रेडिशनल, मिस ब्राइडल, रिश्ते श्रेणी इनके अतिरिक्त विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। विजेताओं को उपयोगी व आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। महिलाओं के साथ बच्चों के मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा गया है। बच्चों के लिए कैमल सफारी, हॉर्स राइडिंग, ऊंट गाड़ी सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मेले में महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले, कुर्सी रेस, हाउजी, बच्चों की कुर्सी रेस, बॉल अटैक, पहिया घुमाओ-इनाम जीतो सहित अनेक मनोरंजक खेल होंगे। मेले में करीब 100 स्टॉल लगाई जाएंगी, जहां हैंडमेड राखियां, हैंडीक्राफ्ट उत्पाद, साड़ियां, सूट, पर्स, वॉल हैंगिंग, मांडना एवं अन्य कलात्मक उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। विशेष आकर्षण के रूप में ऐसे पर्स भी उपलब्ध होंगे, जिन्हें फूलों और फलों के पल्प से तैयार किया जाता है तथा इनके निर्माण में चमड़े का उपयोग नहीं किया जाता।

मेले में मिलेगा स्वाद का भरपूर आनंद

मेले में आने वाले महिलाओं, बच्चों एवं अन्य आगन्तुकों के लिए स्वादिष्ट व्यंजनों का विशेष भण्डार रहेगा। मेले में विभिन्न प्रकार के खानपान स्टॉल्स लगाए जाएंगे, जहां नूडल्स, वड़ा पाव, कुल्फी, चाय, कॉफी, शेक, पिज्जा, डोसा, पनीर चीला, जलेबी, फ्राइड राइस, पानीपुरी, चाट सहित अनेक स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध रहेंगे।

विज्ञापन

महिलाओं को अधिकार और स्वास्थ्य की जानकारी भी मिलेगी

विधायक भदेल ने बताया कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विशेष शिविर लगाया जाएगा। जहां महिलाएं अपने कानूनी अधिकारों और कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकेंगी। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी शिविर लगाया जाएगा, जहां महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

फैशन शो के विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार

विधायक भदेल ने बताया कि लहरिया राउंड, ट्रेडिशनल राउंड और ब्राइडल राउंड में विजेताओं को उपयोगी व आकर्षक उपहार दिए जाएंगे। मिस लहरिया, मिस ट्रेडिशनल और मिस ब्राइडल की विजेताओं को 43 इंच एलईडी टीवी, वाशिंग मशीन, मिक्सर ग्राइंडर, गिफ्ट हैम्पर प्रदान किए जाएगें। रिश्ते श्रेणी में मां-बेटी, सास-बहू, देवरानी-जेठानी और ननद-भाभी राउंड के प्रथम विजेता को वॉशिंग मशीन, द्वितीय विजेता को मिक्सर ग्राइंडर तथा तृतीय विजेता को आकर्षक गिफ्ट हैम्पर प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त लहरिया, ट्रेडिशनल, ब्राइडल और रिश्ते श्रेणी में 10-10 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। मेले में आयोजित अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी मातृ शक्ति फाउंडेशन की ओर से आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

अंतरविद्यालय समूह लोक नृत्य प्रतियोगिता बनेगी विशेष आकर्षण

इस वर्ष मानसून फेस्ट में पहली बार अंतरविद्यालय समूह लोक नृत्य प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली छात्राओं को मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

 

ई-बाइक सहित तीन पुरस्कारों का होगा लक्की ड्रॉ- भदेल

विधायक भदेल ने बताया कि मेले के समापन अवसर पर विशेष लक्की ड्रॉ आयोजित किया जाएगा। इसमें लक्की ड्रॉ के माध्यम से तीन भाग्यशाली विजेताओं का चयन किया जाएगा। प्रथम विजेता को ई-बाइक, द्वितीय व तृतीय विजेता को पुरस्कार दिए जाएगें।

 

राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर की महिला हस्तियों की मौजूदगी बढ़ाएगी फेस्ट की शोभा

विधायक भदेल ने बताया कि मानसून फेस्ट को विशेष स्वरूप देने के लिए प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर की महिला हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में प्रदेश की उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी, राखी राठौड़, कल्पना देवी, दीप्ति किरण माहेश्वरी, अनिता सिंह गुर्जर, सुशील कंवर पलाड़ा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहने की संभावना है। इसके अलावा हिन्दुस्तान जिंक के इकाई प्रमुख निरम्लेन्दू जी, ब्रह्माकुमारी शांता दीदी एवं रूपा दीदी सहित अनेक विशिष्ट महिलाएं भी कार्यक्रम में शामिल होंगी। विधायक भदेल ने बताया कि अजमेर शहर के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों से भी महिलाएं इस आयोजन में भाग लेंगी।

आगंतुकों की सुविधा के लिए पार्किंग, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था

विधायक भदेल ने बताया कि कार्यक्रम में आने वाले सभी आगंतुकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। डीएवी कॉलेज के मुख्य मैदान एवं पार्किंग स्थल पर वाहनों की समुचित पार्किंग व्यवस्था की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन को अग्रिम सूचना दी गई है। मेले में चल शौचालय, शुद्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा प्राथमिक चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो, इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। विधायक भदेल ने अजमेर की सभी मातृशक्ति से रविवार को आयोजित होने वाले इस भव्य मानसून फेस्ट में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और उत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया।

Exit mobile version