Marudhara Today

जिला कलक्टर ने नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और जनजागरूकता बढ़ाने के दिए निर्देश 

जिला स्तरीय एनसीओआरडी समिति की बैठक आयोजित

जिला कलक्टर ने नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और जनजागरूकता बढ़ाने के दिए निर्देश 

अजमेर : 16 मार्च 2026

 जिला स्तरीय एनसीओआरडी समिति की बैठक सोमवार को जिला कलक्टर लोकबंधु की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशे की रोकथाम, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर नियंत्रण और नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई।

 जिला कलक्टर लोकबंधु ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिले में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इससे पूर्व की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई । साथ ही संदिग्ध क्षेत्र जहां नशे का प्रचलन पाया गया है । ऐसे क्षेत्रों पर प्रभावी कार्यवाही कर आमजन में विश्वास उत्पन्न किया जाए। सूचना तंत्र सुदृढ़ किया जाए एवं विभाग आपस में सूचनाओं का आदान प्रदान करे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

  बैठक में पुलिस, आबकारी, चिकित्सा, शिक्षा और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और सेवन की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। पुलिस विभाग ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है ।

  जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें और ड्रग्स सप्लाई चेन को जड़ से खत्म करने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाएं। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केंद्रों को भी नियमित निरीक्षण किया जाए। शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के लिए विशेष सेमिनार और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके अलावा, माता-पिता और अभिभावकों को भी इस अभियान से जोड़ा जाए ताकि वे बच्चों में हो रहे किसी भी बदलाव को समय रहते पहचान सकें। 

   उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि मेडिकल स्टोर्स पर साइकोट्रॉपिक एवं शेड्यूल एच ड्रग्स की बिक्री बिना चिकित्सकीय पर्चे के नहीं हो। टर्माडोल और कोडीन के दुरुपयोग को रोकने के लिए आकस्मिक निरीक्षण किया जाए। दवाई विक्रेता द्वारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त किया जाए।

  उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस, शिक्षा, चिकित्सा एवं समाज कल्याण विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। साथ ही जनजागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर जागरूकता लाने के निर्देश दिए।

विज्ञापन

जिला पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अग्रवाला ने कहा कि नशे की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रेलवे मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल एवं जीआरपी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अन्य राज्यों से आने वाली ट्रेनों तथा रेलवे स्टेशनों पर सघन निगरानी रखी जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। 

  उन्होंने संदिग्ध क्षेत्रों में सूचना तंत्र को और अधिक सुदृढ़ करने को निर्देशित किया । साथ ही चिकित्सा एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा जनजागरूकता अभियानों को अधिक प्रभावी बनाते हुए युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

    बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेंद्र कुमार मीणा , वृताधिकारी , मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ ज्योत्सना रंगा , समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version