Marudhara Today

जिला निष्पादन समिति की बैठक आयोजित

जिला निष्पादन समिति की बैठक आयोजित

 

 अजमेर: 10 अप्रैल 2026

जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निष्पादन समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने तथा कक्षा-कक्षों की मरम्मत के बारे में निर्देश दिए गए।

  जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि राजकीय विद्यालयों में प्रवेशोत्सव के दौरान नामांकन बढ़ाया जाए। सरकार की मंशा के अनुरूप कोई भी बालक विद्यालय जाने से वंचित नहीं रहे। समस्त ड्रॉप आउट बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने के लिए प्रयास किया जाए। विद्यालयों में जर्जर कक्षा-कक्षों का उपयोग नहीं किया जाए। इन कक्षा-कक्षों की मरम्मत उपलब्ध बजट से कराएं। इसके अतिरिक्त आवश्यकता होने पर उसके प्रस्ताव तैयार करवाएं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

 उन्होंने कहा कि राजकीय विद्यालयों में संचालित रसोई घरों में पीएनजी कनेक्शन प्राथमिकता के साथ दिए जा रहे है। इसके लिए विद्यालयों को तत्काल आवेदन करना चाहिए। निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण के संबंध में भी बैठक के दौरान चर्चा की गई। पाठ्य पुस्तक वितरण की प्रविष्टि ऑनलाईन पोर्टल पर आवश्यक रूप से की जाए। 

       बैठक में शाला दर्पण पोर्टल पर जिले की स्थिति की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए कम प्रगति वाले ब्लॉकों में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने नामांकन में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के लाभार्थी बच्चों की सूची प्राप्त कर राजकीय विद्यालय में प्रवेश करवाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कार्मिकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति की नियमित मॉनिटरिंग शाला दर्पण के माध्यम से करने के निर्देश दिए।

  उन्होंने पीएम श्री विद्यालयों की समीक्षा करते हुए जिले की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए उपस्थिति, परिणाम, गृहकार्य, शौचालय, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े नवीन पैरामीटर्स पर प्रगति दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में डिजिटल लाइब्रेरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा खेल मैदानों पर हुए अतिक्रमण को तुरंत हटाने के निर्देश भी दिए। 

  जिला कलक्टर ने डीएमएफटी फंड के समुचित उपयोग, कक्षा-कक्ष निर्माण, शौचालयों की व्यवस्था, बालक एवं बालिकाओं के लिए पृथक शौचालयों तथा जर्जर भवनों की मरम्मत एवं पूर्णतः क्षतिग्रस्त भवनों को जमींदोज करने की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग समसा के अभियंताओं से कराने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों के बिल लगातार प्रस्तुत किए जाए। 

  पालनहार योजना में सत्यापन एवं नवीनीकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अध्ययनरत प्रमाण पत्र जारी कर शत-प्रतिशत सत्यापन पूर्ण करने तथा ई-मित्र के माध्यम से सत्यापन कराने की प्रक्रिया की अभिभावकों को जानकारी देने के निर्देश दिए। लाडो प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रथम कक्षा में अध्ययनरत बालिकाओं को तृतीय किश्त के रूप में राशि हस्तांतरण, प्राप्त आवेदनों एवं लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, गणवेश, वाउचर एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के लिए जनाधार प्रमाणीकरण कराने को कहा।

  बैठक में आयरन और फोलिक एसिड टैबलेट वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए टैबलेट की पर्याप्त उपलब्धता एवं पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एनीमिया मुक्त अभियान, पीएम पोषण, एमडीएम, अतिक्रमण, बोर्ड परीक्षा, विद्यार्थी स्वास्थ्य जांच सहित विभिन्न योजनाओं की मासिक प्रगति की समीक्षा की गई।

Exit mobile version