नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त
Mohit Jain
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त
अजमेर : 24 अगस्त 2026
जिला निर्वाचन अधिकारी (नगरपालिका) एवं जिला कलक्टर लोक बंधु ने जिले के नगरीय निकायों के आगामी आम चुनाव-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं सुचारू संपादन के लिए राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम 1994 के नियम-09 के तहत रिटर्निंग अधिकारी तथा सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए हैं। जिले के नगर निगम अजमेर, नगर परिषदों तथा नगर पालिकायों के विभिन्न वार्डों के अनुसार प्रशासनिक अधिकारियों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लोकबंधु , जिला निर्वाचन अधिकारी (फाइल)
जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु ने बताया कि नगर निगम अजमेर के लिए अजमेर विकास प्राधिकरण के सचिव अनिल पूनिया को रिटर्निंग अधिकारी तथा वार्ड संख्या एक से 20 हेतु अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर), वार्ड संख्या 21 से 40 हेतु सहायक कलक्टर, वार्ड 41 से 60 हेतु उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, वार्ड 61 से 80 हेतु अजमेर विकास प्राधिकरण के उपायुक्त (पुष्कर अनुभाग) के अतिरिक्त राजस्व अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान के तहसीलदार एवं कलेक्ट्रेट तहसीलदार (भू. अभिलेख) को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद किशनगढ़ में वार्ड एक से 30 के लिए उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट किशनगढ़ अनिल कुमार चौधरी को रिटर्निंग अधिकारी तथा वार्ड 31 से 60 हेतु उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट अरांई के अतिरिक्त तहसीलदार किशनगढ़, तहसीलदार अरांई एवं तहसीलदार रूपनगढ़ को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार नगर परिषद पुष्कर के लिए उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट पुष्कर को रिटर्निंग अधिकारी तथा तहसीलदार पुष्कर एवं नायब तहसीलदार पुष्कर को सहायक रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है। नगर परिषद केकड़ी के लिए उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट केकड़ी को रिटर्निंग अधिकारी तथा तहसीलदार केकड़ी एवं नायब तहसीलदार केकड़ी को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।
विज्ञापन
इसी क्रम में जिले की नगर पालिकायों के चुनाव हेतु नगर पालिका नसीराबाद के लिए उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट नसीराबाद, नगर पालिका सरवाड़ के लिए उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट सरवाड़, नगर पालिका सावर के लिए उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट सावर तथा नगर पालिका पीसांगन के लिए उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट पीसांगन को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त करते हुए संबंधित तहसीलों के तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार अधिकारियों को सहायक रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है। राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की उपलब्धता के दृष्टिगत राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त अनुमति के आधार पर नगर पालिका टांटोटी के लिए तहसीलदार टांटोटी को रिटर्निंग अधिकारी तथा नायब तहसीलदार टांटोटी को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि नगरीय निकायों के वार्डों से संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी द्वारा नाम निर्देशन प्राप्त करने संबंधी कार्यवाही सम्पादित की जाएगी। संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा गुरूवार 27 अगस्त को नगरीय निकाय आम चुनाव की लोक सूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही नामांकन की प्रक्रिया आरम्भ हो जाएगी। लोक सूचना जारी से पूर्व भी निर्वाचन संबंधी जानकारी रिटर्निंग अधिकारी से प्राप्त की जा सकती है।