प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के मुआवजे की बकाया राशि का भुगतान जल्द करने के जिला कलक्टर ने दिये निर्देश
Mohit Jain
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के मुआवजे की बकाया राशि का भुगतान जल्द करने के जिला कलक्टर ने दिये निर्देश
अजमेर : 7 जुलाई 2026
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के मुआवजे की बकाया राशि शेष किसानों को मिलना सुनिश्चित करने के लिए जिला कलक्टर लोक बन्धु ने मंगलवार को कृषि बीमा कम्पनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक लेकर आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से मिलने वाला भुगतान किसानों का अधिकार है। मुआवजा मिलने में आने वाली समस्याओं का समाधान तत्काल किया जाना चाहिए। इसके लिए समस्त डाटा त्रुटिरहित कर अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए। राजस्व तथा कृषि विभाग आपसी समन्वय के साथ डाटा अपलोड करेंगे।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 का मुआवजा अधिकतर किसानों को मिल चुका है। शेष रहे किसानों को भी मुआवजा मिलना चाहिए। इसके लिए आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जानी चाहिए। इन किसानों को मुआवजा नहीं मिलने के कारणों की जांच कर प्रकरणों को निस्तारित करें। इसके लिए 15 जुलाई की समय सीमा तय की गई है। किसी किसान के खाता संख्या सही नहीं होने पर आधार से जुड़े अन्य बैंक खाते का उपयोग करने का प्रयास करें। मुआवजे से शेष रहे किसानों की सूची राजस्व ग्राम के अनुसार जिला प्रशासन को उपलब्ध करवाई जाए। इससे तकनीकी कारणों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। काश्तकार भी अपने स्तर पर खाता संख्या अपडेट कर सकते है।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर वन्दना खोरवाल, कृषि विभाग की संयुक्त निदेशक उषा चितारा एवं अनुप्ररेणा यादव, कृषि बीमा कम्पनियों के उप प्रबन्धक हरगोविन्द सिंह एवं इसरार मोहम्मद सहित अधिकारी उपस्थित रहे।