भाजपा के पूर्व महापौर होकर कांग्रेस के हाथों में खेल रहे हैं धर्मेंद्र गहलोत — रमेश सोनी, बीजेपी जिलाध्यक्ष
Mohit Jain
भाजपा के पूर्व महापौर होकर कांग्रेस के हाथों में खेल रहे हैं धर्मेंद्र गहलोत — रमेश सोनी
पूर्व मेयर गहलोत की बयानबाजी पर बीजेपी शहर अध्यक्ष का पलटवार
अजमेर : 29 अगस्त 2026
बीजेपी से मेयर रहे धर्मेंद्र गहलोत ने अभी हाल ही में बीजेपी को अलविदा कहते हुए राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के खिलाफ नगर निकाय चुनाव में बड़ा मोर्चा खोलते हुए आज उन्होंने अपनी पत्नी हेमा गहलोत को विधानसभा अध्यक्ष के वार्ड नंबर 04 से निर्दलीय मैदान में उतारते हुए नामांकन दाखिल करवा दिया। नामांकन दाखिल करवाने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए गहलोत ने विधानसभा अध्यक्ष देवनानी को फिर चुनौती देते हुए एक कथित पेन ड्राइव का हवाला देते हुए बीजेपी के नेताओं पर भी कई आरोप जड़े है ।
विज्ञापन
पूर्व मेयर धर्मेन्द्र गहलोत की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी अजमेर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने प्रेस नोट जारी किया और ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि धर्मेंद्र गहलोत आज जिस प्रकार कांग्रेस नेताओं की भाषा बोलते हुए भाजपा के विरुद्ध निराधार एवं तथ्यहीन आरोप लगा रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि वे कांग्रेस के हाथों में खेल रहे हैं।
रमेश सोनी ने कहा कि धर्मेंद्र गहलोत का भाजपा से लंबा जुड़ाव रहा है और वे पार्टी में महत्वपूर्ण दायित्वों पर भी रहे हैं, लेकिन आज उनके बयान कांग्रेस नेताओं के बयानों से अलग दिखाई नहीं देते। उन्होंने कहा कि भाजपा के पूर्व महापौर एवं पदाधिकारी होकर अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व महापौर एवं युवा मोर्चा अध्यक्ष पर सार्वजनिक रूप से आरोप लगाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
गहलोत द्वारा लगाए आरोप इस लिंक के जरिए यूट्यूब पर देखे👇🏻
उन्होंने कहा कि सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि एक ओर कांग्रेस के नेता स्वयं अजमेर नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बनने की संभावना जता रहे हैं और भाजपा की मजबूत स्थिति को स्वीकार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर धर्मेंद्र गहलोत कांग्रेस के दुष्प्रचार को आगे बढ़ाने का कार्य करते हुए भाजपा नेताओं के विरुद्ध झूठे एवं भ्रामक आरोप लगा रहे हैं।
फाइल
रमेश सोनी ने कहा कि धर्मेंद्र गहलोत को स्पष्ट करना चाहिए कि वे आखिर कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे दुष्प्रचार को आगे बढ़ाने का कार्य क्यों कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत नाराजगी या महत्वाकांक्षा के कारण संगठन और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की छवि धूमिल करने का प्रयास किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।
सोनी ने कहा कि अजमेर में नगर निगम चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस को अपनी कमजोर राजनीतिक जमीन और संगठनात्मक स्थिति दिखाई देने लगी है। यही कारण है कि कांग्रेस प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा के विरुद्ध भ्रम फैलाने तथा दुष्प्रचार करने का प्रयास कर रही है। धर्मेंद्र गहलोत द्वारा लगातार उसी प्रकार की भाषा और आरोपों का प्रयोग करना कई सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपने राजनीतिक हित साधने के लिए भाजपा के पूर्व पदाधिकारियों के माध्यम से दुष्प्रचार करने की राजनीति बंद करनी चाहिए। साथ ही धर्मेंद्र गहलोत को भी भाजपा संगठन और उसके वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के विरुद्ध सार्वजनिक रूप से अनर्गल एवं निराधार आरोप लगाने से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अजमेर की जनता कांग्रेस के आरोपों और दुष्प्रचार की राजनीति को अच्छी तरह पहचानती है। भाजपा जनता के बीच अपने संगठन, विकास कार्यों और कार्यकर्ताओं की ताकत के आधार पर जाएगी तथा आगामी नगर निगम चुनावों में पुनः भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बनाकर कांग्रेस के दुष्प्रचार का लोकतांत्रिक जवाब देगी।