Site icon Marudhara Today

महिला अधिकारिता विभाग के आयुक्त राजोरिया ने किया औचक निरीक्षण

महिला अधिकारिता विभाग के आयुक्त राजोरिया ने किया औचक निरीक्षण

अजमेर : 25 फरवरी 2026

महिला अधिकारिता विभाग के आयुक्त राकेश राजोरिया द्वारा बुधवार को अजमेर में विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों एवं केन्द्रों की प्रगति समीक्षा की गई तथा केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

महिला अधिकारिता विभाग की उप निदेशक मेघा रतन ने बताया कि महिला अधिकारिता विभाग के आयुक्त राकेश राजोरिया द्वारा हिंसा से पीड़ित एवं निराश्रित महिलाओं के लिये संचालित वन स्टॉप सेंटर सखी केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि केन्द्र का संचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित परामर्शताओं से केन्द्र की कार्यप्रणाली एवं पीड़ित एवं निराश्रित महिलाओं को कैसे राहत प्रदान की जाती है, के विषय में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने केन्द्र पर उपलब्ध रिकॉर्ड – केस रजिस्टर, प्रकरण पत्रावलियां व अन्य संसाधनों का भी अवलोकन किया। आयुक्त द्वारा केन्द्र पर उपस्थित केन्द्र प्रबन्धक एवं परामर्शदाताओं को निर्देशित किया कि केन्द्र के उद्देशात्मक पहलुओं की पूर्ति हर स्थिति हो इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएं तभी केन्द्र के संचालन की सार्थकता परिलक्षित हो सकेंगी। 

इसके उपरान्त आयुक्त द्वारा पुलिस थाना गंज परिसर में संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि केन्द्र पर दोनों परामर्शदाता उपस्थित थे। उन्होंने केन्द्र को प्राप्त होने वाले प्रकरणों की प्रकृति एवं उनको निस्तारण करने के विषय में परामर्शदाताओं से जानकारी प्राप्त की। पुलिस थाना द्वारा उन्हें किस प्रकार का सहयोग प्रदान किया जाता है, के विषयक जानकारी प्राप्त की गयी। साथ ही उनके द्वारा केन्द्र पर संधारित होने वाले रिकॉर्ड का अवलोकन एवं निरीक्षण किया। उन्हाेंने दोनाें उपस्थित परामर्शदाताओं को निर्देशित किया कि वे पीड़िता को हर संभव सहायता उपलब्ध करावें।

आयुक्त द्वारा मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना के लाभार्थी से उनके द्वारा इस योजना अंतर्गत ऋण प्राप्त स्थापित किए गए उपक्रम के विषय मेंं सविस्तार जानकारी प्राप्त की एवं कार्य स्थल का अवलोकन किया। उद्यमी महिला से उनके उद्यम से संबंधित वार्तालाप की गयी एवं योजना के लाभ के विषय में जाना गया। मुख्यमंत्री नारी शक्ति प्रशिक्षण एवं कौशल संवर्धन योजना अंतर्गत आरएससीआईटी ज्ञान न्यू विनायक एज्यूकेशन केन्द्र वैशालीनगर केन्द्र का अवलोकन किया गया। इसमें विभाग द्वारा योजना का लाभ लेने वाली बालिकाओं से योजना के संबंध में वार्तालाप की गयी। 

आयुक्त द्वारा महिला एवं बाल विकास संकुल में संचालित कार्यालय एवं पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केन्द्र एवं जिला हब के परामर्शदाताओं से योजना के विषय में जानकारी प्राप्त की। इस पर उन्हें बताया कि गया कि केन्द्र तेरे मेरे सपने (पीएमसी) विवाह पूर्व संवाद केन्द्र के तहत भी कार्य कर रहा है। विभाग की अन्य योजनाओं के संचालन में भी सहयोग प्रदान करता है। जिला हब के विषय मे जानकारी चाहे जाने पर उन्हें बताया किया गया कि विभाग के द्वारा महिला उत्थान एवं संरक्षण के क्षेत्र में संचालित विभिन्न केन्द्रों के साथ समन्वय स्थापित कर जागरूकता कार्यक्रम जिला एवं ब्लॉंक स्तर पर संचालित किए जाते है। इसके बाद आयुक्त द्वारा कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं के विषय में प्रगति की जानकारी ली गयी। इस पर उन्हें बिन्दुवार एवं योजनावार अवगत करवाया गया। साथ ही कार्यालय में लाडो प्रोत्साहन योजना एवं कालीबाई भील उडान योजना की समीक्षा करते हुये उन्होने अजमेर में सेनेटरी नैपकिन की आपूर्ति के विषय में जानकारी प्राप्त की। आपूर्ति सामग्री के सैम्पल का अवलोकन किया व आंगनबाड़ी केन्द्र बालुपुरा-प्रथम व द्वितीय पर आपूर्ति के विषय में बताया गया। लाभार्थी अनिता गुर्जर एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनिता वर्मा से जानकारी प्राप्त की गयी। 

निरीक्षण के दौरान कार्यालय में पर्यवेक्षक, कार्यालय कार्मिकगण, जिला हब एवं पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केन्द्र के कार्मिकगण उपस्थित थे।

Exit mobile version