Marudhara Today

मेरा युवा भारत अजमेर के युवाओं को भारतीय खाद्य निगम में मिला खाद्य प्रबंधन प्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण

मेरा युवा भारत अजमेर के युवाओं को भारतीय खाद्य निगम में मिला खाद्य प्रबंधन प्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण

अजमेर : 12 मई 2026

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (माय भारत) अजमेर कार्यालय, जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग अजमेर एवं भारतीय खाद्य निगम (FCI) मंडल कार्यालय अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम (एक्सपीरियंशियल लर्निंग प्रोग्राम) के दूसरे दिन युवाओं को भारतीय खाद्य निगम (FCI) के विभिन्न संचालन कार्यों का व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के द्वितीय दिवस पर प्रतिभागियों को भारतीय खाद्य निगम के अजमेर डिपो का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया। इस अवसर पर एफ.सी.आई मण्डल कार्यालय अजमेर के मण्डल प्रबंधक राकेश कुमार ने युवाओं को एफ.सी.आई की कार्यप्रणाली, अधिप्राप्ति (Procurement), भंडारण (Storage), परिवहन एवं आवागमन (Movement), लेखा (Accounts) तथा गुणवत्ता एवं नियंत्रण (Quality & Control) से संबंधित प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।

उन्होंने बताया कि अधिप्राप्ति विभाग किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खाद्यान्न की खरीद सुनिश्चित करता है तथा खरीद प्रक्रिया के दौरान गुणवत्ता मानकों की जांच भी की जाती है। भंडारण विभाग द्वारा वैज्ञानिक पद्धति से खाद्यान्न का सुरक्षित रख-रखाव किया जाता है, जिसमें स्टैकिंग, नमी नियंत्रण, कीट नियंत्रण तथा नियमित निरीक्षण जैसी प्रक्रियाएं शामिल होती हैं। परिवहन एवं आवागमन विभाग खाद्यान्न को विभिन्न राज्यों एवं डिपो तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने हेतु रेल एवं सड़क परिवहन के समन्वय का कार्य करता है, जिससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली सुचारु रूप से संचालित हो सके।

लेखा विभाग द्वारा खाद्यान्न खरीद, परिवहन, भंडारण एवं वितरण से संबंधित समस्त वित्तीय अभिलेखों का संधारण, भुगतान प्रक्रिया तथा लेखा परीक्षण कार्य किया जाता है। वहीं गुणवत्ता एवं नियंत्रण विभाग खाद्यान्न की गुणवत्ता की जांच, नमूनों का परीक्षण, निर्धारित मानकों के अनुरूप भंडारण व्यवस्था तथा खाद्यान्न की सुरक्षा सुनिश्चित करने का कार्य करता है। अधिकारियों ने युवाओं को यह भी बताया कि एफ.सी.आई देश की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जो राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाती है।

भ्रमण के दौरान परिचालन अनुभाग प्रबंधक मोहित जैन, अधिप्राप्ति अनुभाग प्रबंधक रोहताश कुमार, भंडारण अनुभाग प्रबंधक राजवीर बिजल, गुणवत्ता एवं नियंत्रण विभाग की प्रबंधक निर्मला तथा लेखा विभाग के प्रबंधक दिनेश चेजारा ने अपने-अपने विभागों की कार्यप्रणाली एवं जिम्मेदारियों की जानकारी युवाओं को दी।

डिपो भ्रमण के दौरान युवाओं को स्टैक सिस्टम ऑफ स्टोरेज, खाद्यान्न भंडारण की वैज्ञानिक पद्धतियों, फ्यूमिगेशन प्रक्रिया, गुणवत्ता परीक्षण प्रणाली तथा आधुनिक साइलो प्रणाली के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। युवाओं ने विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों द्वारा विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया। इस संवादात्मक एवं अनुभवात्मक प्रशिक्षण से युवाओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं खाद्य प्रबंधन व्यवस्था की वास्तविक कार्यप्रणाली को निकट से समझने का अवसर प्राप्त हुआ।

Exit mobile version