मोहर्रम को लेकर नसीराबाद सिटी थाने में ताजियादारों एवं विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित
Mohit Jain
मोहर्रम को लेकर नसीराबाद सिटी थाने में ताजियादारों एवं विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित
नसीराबाद : 23 जून 2026
( निखिल गुर्जर की रिपोर्ट )
आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नसीराबाद सिटी थाना परिसर में सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ताजियादारों, अखाड़ा उस्तादों, छावनी परिषद, विद्युत विभाग, जनप्रतिनिधियों एवं सीएलजी सदस्यों ने भाग लिया।
विज्ञापन
बैठक की अध्यक्षता नसीराबाद उपखंड अधिकारी कल्पित शिवराण ने की। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक कृष्णा कुमार यादव एवं सिटी थाना प्रभारी पंकज कुमार भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उपस्थित ताजियादारों, अखाड़ा उस्तादों तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों से संवाद कर मोहर्रम के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
बैठक में मोहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी समुदायों का सहयोग आवश्यक है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों से बचने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
बैठक में ताजियादार, अखाड़ा उस्ताद, छावनी परिषद एवं विद्युत विभाग के कर्मचारी, सीएलजी सदस्य, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी से मोहर्रम पर्व को आपसी सद्भाव एवं शांति के साथ मनाने की अपील की।