विधानसभा अध्यक्ष देवनानी द्वारा पत्रकारों के लिए होली मिलन समारोह आयोजित
Mohit Jain
अजमेर में बनेगा आयुर्वेद विश्वविद्यालय, सर्किट हाऊस में बनेगा वीआईपी सूट
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने साझा की विकास योजनाओं की जानकारी
अजमेर : 16 मार्च 2026
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी द्वारा रंगों के पावन पर्व होली की खुशियाँ साझा करने के उद्देश्य से सोमवार को होटल क्रॉसलेन में पत्रकार बंधुओं के साथ होली स्नेह मिलन एवं प्रीति भोज कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सभी पत्रकारों को होली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक संवाद और विकास की जानकारी आमजन तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
विज्ञापन
देवनानी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत बजट में अजमेर के समग्र विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण सौगातें दी गई हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 38 वर्षों के बाद अजमेर में विश्वविद्यालय स्थापना का विधेयक पारित हुआ है। इसमें आयुर्वेद के साथ योग, नेचरोपैथी तथा होम्योपैथी जैसे विषयों का अध्ययन-अध्यापन भी प्रारम्भ किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अजमेर के सर्किट हाउस में बड़ा कॉन्फ्रेंस हॉल, वीआईपी सूट सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए लगभग 16 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही अजमेर नगर निगम क्षेत्र के ग्राम हाथीखेड़ा-बोराज में पेयजल व्यवस्था के लिए 28 करोड़ रुपये, राजस्व मण्डल के नवीन भवन के निर्माण के लिए 150 करोड़ रुपये, शहर के ड्रेनेज सिस्टम के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये तथा जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 100 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पुष्कर घाटी मार्ग के लगभग 6 किलोमीटर चौड़ीकरण की स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं तारागढ़ किले को पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे यह स्थल देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केन्द्र बन सकेगा। इसके साथ ही स्वामी विवेकानन्द स्मारक पर आध्यात्मिक केन्द्र की स्थापना, महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय में महर्षि दयानन्द सरस्वती पैनोरमा का निर्माण तथा चामुण्डा माता मंदिर तक यात्री रोप-वे की डीपीआर तैयार कराने जैसे कार्य भी प्रस्तावित हैं।
इसी क्रम में माकड़वाली क्षेत्र में नवीन पुलिस चौकी की स्थापना, आनासागर के मानसून अधिशेष जल और एसटीपी के परिष्कृत पानी को फूलसागर कायड़ होते हुए रूपनगढ़ तक बाढ़ संरक्षण एवं सिंचाई परियोजना से जोड़ने का कार्य भी किया जाएगा। इससे लगभग 1200 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा और औद्योगिक उपयोग के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
देवनानी ने बताया कि जिले में पालरा, छातरी, नटूटी, पनेर, रूपनगढ़ आदि एनिकट कार्यों के साथ-साथ दादू सागर, गऊसागर, रूपसागर, गोपाल सागर, रसूलपुरा, माकड़वाली और चाचियावास सहित अजमेर के विभिन्न तालाबों व जल संरचनाओं के जीर्णाेद्धार और ड्रेनेज सुधार के कार्य भी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अजमेर और जयपुर में आमजन व पर्यटकों के लिए सुविधा केन्द्र, अजमेर सहित 5 शहरों में स्मार्ट पार्किंग, तथा अजमेर सहित 16 जिलों में मॉडल उद्यानों को ऑक्सीजोन के रूप में विकसित करने की योजनाएँ भी स्वीकृत की गई हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जेएलएन चिकित्सालय सहित अन्य अस्पतालों में 12 मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर, तथा मरीजों और उनके परिजनों के लिए अत्याधुनिक विश्राम गृह स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही अजमेर सहित विभिन्न शहरों में बेसिक लाइफ सपोर्ट ट्रेनिंग सेंटर, मेंटल हेल्थ केयर सेल, और संभाग मुख्यालयों के ट्रोमा सेंटर को चरणबद्ध रूप से लेवल-1 ट्रोमा सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि युवाओं को नई तकनीक से जोड़ने के लिए अजमेर, भरतपुर और कोटा में टेक्नोलॉजी आधारित नवाचार केन्द्र, पॉलिटेक्निक कॉलेजों में आईसीटी लैब, तथा आईटीआई में फाइबर टू होम टेक्निशियन ट्रेड प्रारम्भ किए जाएंगे। साथ ही राजस्थान टेस्टिंग एजेंसी की स्थापना, फॉरेंसिक साइंस लैब में साइबर फॉरेंसिक डिवीजन, तथा नमो नर्सरी, नॉइज़ मॉनिटरिंग स्टेशन और वेस्ट वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट जैसी योजनाओं को भी लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए गुलामी के प्रतीकों का नामांतरण कर महान विभूतियों के नामों से जोड़ा जा रहा है। साथ ही उन्होंने विधानसभा में पिछले दो वर्षों में किए गए नवाचारों तथा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर स्वयं द्वारा लिखित पुस्तक की जानकारी भी साझा की।
उन्होंने बताया कि विधानसभा को पेपरलेस बनाने की दिशा में कार्य, समितियों की बैठकों और पास की डिजिटल व्यवस्था, तथा विधानसभा सत्र की अवधि को 34 दिन तक बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिनमें पक्ष-विपक्ष का सकारात्मक सहयोग मिला है।
कार्यक्रम में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रीष्मकाल में वरुण सागर से पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा नए रिजर्वायर और जीएसएस निर्माण कार्य शीघ्र प्रारम्भ किए जाएं। इससे अजमेर का विकास सुनियोजित रूप से आगे बढ़ सकेगा। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से अजमेर को सुंदर, स्वच्छ और श्रेष्ठ शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। इस अवसर पर शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, मीडिया प्रभारी अनीश सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।