सोफिया कॉलेज ने लगातार आठवीं बार जीता अंतरमहाविद्यालयी महिला बैडमिंटन खिताब
Mohit Jain
सोफिया कॉलेज ने लगातार आठवीं बार जीता अंतरमहाविद्यालयी महिला बैडमिंटन खिताब
अजमेर : 30 सितंबर 2026
सोफिया कॉलेज, अजमेर के तत्वावधान में महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय की 39वीं अंतरमहाविद्यालयी महिला एवं पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन 28 से 30 सितंबर तक किया गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 12 और महिला वर्ग की 8 टीमों ने भाग लिया।
विज्ञापन
महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में सोफिया कॉलेज, अजमेर ने एसएमएम कॉलेज, भीलवाड़ा को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ सोफिया कॉलेज ने लगातार आठवीं बार अंतरमहाविद्यालयी महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता का खिताब जीतकर अपना दबदबा कायम रखा। सेमीफाइनल में सोफिया कॉलेज ने एमडीएसयू, अजमेर को 2-0 से तथा एसएमएम कॉलेज, भीलवाड़ा ने एसपीसीजीसी, अजमेर को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
पुरुष वर्ग के फाइनल में एसपीसीजीसी, अजमेर ने आरआईई, अजमेर को 2-0 से पराजित कर विजेता का खिताब हासिल किया। सेमीफाइनल में एसपीसीजीसी ने एसडी गवर्नमेंट कॉलेज, ब्यावर को 2-0 से और आरआईई, अजमेर ने एसबीआरएम, नागौर को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि कैंटोनमेंट बोर्ड अजमेर एवं नसीराबाद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शाकिब आलम रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों में भागीदारी स्वयं में एक उपलब्धि है। निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता से विद्यार्थी अपनी क्षमता के अनुरूप सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव और आईएएस अधिकारी बनने की यात्रा भी विद्यार्थियों के साथ साझा की।
समापन समारोह में प्रतियोगिता की अध्यक्ष और सोफिया कॉलेज प्रिंसिपल प्रो. सिस्टर पर्ल ने वेस्ट जोन प्रतियोगिता के लिए चयनित महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों की सूची घोषित की। चयनित खिलाड़ी वेस्ट जोन स्तर पर महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आयोजन सचिव डॉ. शाहिना शेरानी ने प्रतियोगिता की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय पर्यवेक्षक डॉ. कुलदीप सिंह सहित अन्य अतिथि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। समापन समारोह में विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।