5वें ऑफिसर्स एनुअल स्पोर्ट्स एंड कल्चरल मीट में अजमेर मंडल ने सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विजेता व खेलकूद में उपविजेता स्थान प्राप्त किया
अजमेर : 05 अप्रैल 2026
उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकारियों का 5वां ऑफिसर्स एनुअल स्पोर्ट्स एंड कल्चरल मीट 2025-26 जयपुर में संपन्न हुआ। यह आयोजन 3 एवं 4 अप्रैल को जयपुर के जगतपुरा स्थित ऑफिसर्स क्लब ‘उमंग’ में आयोजित किया गया, जिसमें अजमेर मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विजेता शील्ड तथा खेलकूद प्रतियोगिता में उपविजेता शील्ड अर्जित की।
मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा एवं उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, अजमेर मंडल की अध्यक्षा रिंकल भूतड़ा ने महाप्रबंधक अमिताभ से शील्ड प्राप्त की।
इस प्रतियोगिता में उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय (जयपुर) के साथ-साथ अजमेर, बीकानेर, जयपुर एवं जोधपुर मंडल तथा अजमेर एवं जोधपुर कारखानों के अधिकारियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
खेलकूद प्रतियोगिताओं के अंतर्गत बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज, टेनिस, स्क्वॉश, एथलेटिक्स एवं महिला क्रिकेट जैसी विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गायन, नृत्य, रील निर्माण, मेहंदी आदि प्रस्तुतियों के माध्यम से अधिकारियों एवं उनके परिजनों की प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। यह आयोजन उत्तर पश्चिम रेलवे खेलकूद संघ द्वारा प्रतिवर्ष अधिकारियों के बीच टीम वर्क, सौहार्द एवं वर्क-लाइफ बैलेंस को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।
