स्वामी विवेकानंद जयंती एवं युवा सप्ताह के अवसर एमडीएसयू में निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित
अजमेर : 17 जनवरी 2025
महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के धनवंतरी आरोग्य केंद्र एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संयुक्त तत्वाधान में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती महोत्सव के अवसर पर धनवंतरी भवन में निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं आमजन ने बड़ी संख्या में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
शिविर का उद्घाटन करते हुए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, अजमेर के प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया ने कहा कि स्वस्थ शरीर, सशक्त मन और सेवा भाव ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि निरोगी काया, अनुशासन एवं दुर्व्यसनों से दूरी भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। डॉ. सामरिया ने 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं के स्वस्थ रहने को अत्यंत आवश्यक बताते हुए सुपोषण एवं योग को जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने माता–पिता एवं बुजुर्ग परिजनों की स्वास्थ्य देखभाल को सनातन धर्म की मूल सेवा भावना बताया।
शिविर की विशिष्ट अतिथि, एबीवीपी की राष्ट्रीय छात्रा कार्य प्रमुख एवं दंत चिकित्सक डॉ. प्रेरणा शर्मा ने कहा कि युवा देश की रीढ़ हैं और ऊर्जावान, स्वस्थ शरीर के साथ ही राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भागीदारी संभव है। उन्होंने भारतीय जेनजी की सराहना करते हुए कहा कि वे विदेशी दुष्प्रचार से अप्रभावित रहकर सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय उत्पादों का प्रचार कर रहे हैं। डॉ. शर्मा ने युवाओं को “स्नोफ्लेक्स नहीं, फायरबॉल” बताते हुए स्वदेशी उत्पाद अपनाने का आह्वान किया।
धनवंतरी आरोग्य केंद्र के प्रभारी डॉ. राजू शर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने भारत को केवल भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि एक जीवित सभ्यता के रूप में विश्व के सामने प्रस्तुत किया। उन्होंने युवाओं को आत्मगौरव का बोध कराया, गुलामी की मानसिकता से बाहर निकलने का साहस दिया और यह विश्वास जगाया कि भारत की आत्मा सनातन मूल्यों में निवास करती है। उन्होंने सामाजिक समरसता के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया।
एबीवीपी के विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष अमृत चौधरी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्र एवं समाज हित में ऐसे रचनात्मक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए सदैव संकल्पित है।
इस अवसर पर प्रो. अरविंद पारीक, प्रो. रितु माथुर, प्रो. प्रवीण माथुर, डॉ. आशीष पारीख, डॉ. सूरज राव, डॉ. लाल शर्मा, डॉ. रोहिणी अग्रवाल, डॉ. प्रदीप माथुर सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अतिथि शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श का लाभ उठाया।


