Wednesday, August 5, 2026
spot_img
Homeअजमेरऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन...

ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

रामगंज थाना पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, लैपटॉप और छह मोबाइल बरामद

अजमेर : 14 जुलाई 2026

 

अजमेर जिले की रामगंज थाना पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन गेमिंग ऐप के माध्यम से लोगों से धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप (चार्जर व एडाप्टर सहित), छह मोबाइल फोन, तीन मोबाइल चार्जर तथा दो एक्सटेंशन बोर्ड बरामद किए हैं। मामले में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार सूचना एवं तकनीकी सहायता के आधार पर निगरानी के दौरान रामगंज थाना क्षेत्र के न्यू चंद्र नगर, विनायक पथ स्थित एक किराए के मकान में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार वहां कुछ लोग फर्जी आईडी और लॉगिन पासवर्ड का उपयोग कर ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म संचालित कर रहे थे तथा लोगों को झांसे में लेकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। सूचना मिलते ही गठित टीम ने मौके पर दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन गेमिंग आईडी के माध्यम से लोगों को लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद सूचना एवं संचार माध्यमों का दुरुपयोग करते हुए धोखाधड़ी कर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करते थे। पुलिस ने मौके से ऑनलाइन गतिविधियों में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नागौर निवासी रामकिशन उर्फ प्रकाश भींचर पुत्र रामेश्वर लाल, कैलाश पुत्र अन्नाराम तथा गोपाल डुकिया पुत्र कालूराम के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल के निर्देशन में रामगंज थाना पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन गेमिंग, निवेश या लुभावने ऑफर से जुड़े अज्ञात लिंक, आईडी अथवा कॉल पर भरोसा न करें और साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

RELATED ARTICLES

Most Popular