Tuesday, August 25, 2026
spot_img
Homeअजमेरपेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी रोकने और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग...

पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी रोकने और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग पर अंकुश लगाने के लिए दबिश

अवैध पेट्रोल भंडारण और घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग के विरुद्ध प्रशासन सख्त

कालाबाजारी रोकने और आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए प्रवर्तन दल ने दी दबिश

अजमेर : 2 अप्रैल 2026

 जिला रसद अधिकारी (द्वितीय) नीरज कुमार जैन के निर्देशन में रसद विभाग की प्रवर्तन टीम द्वारा जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी रोकने और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग पर अंकुश लगाने के लिए सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जिले के विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण कर प्रभावी कार्यवाही की गई।

विभागीय प्रवर्तन टीम को नसीराबाद क्षेत्र के पलसानिया रोड स्थित गणेश किराना स्टोर पर अवैध रूप से पेट्रोल भंडारण और बिक्री की शिकायत प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुँचकर अवैध पेट्रोल जब्त किया और संबंधित के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विधिक कार्यवाही शुरू की। इसके अतिरिक्त टीम ने कोटा रोड़ स्थित जसवंत फिलिंग स्टेशन और देराठू स्थित बालाजी पेट्रोलियम जैसे पेट्रोल पंपों की भी गहन जांच की ताकि ईधन की शुद्धता और आपूर्ति की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

कार्यवाही के दूसरे चरण में प्रवर्तन टीम ने किशनगढ़ क्षेत्र में अर्जुन एचपी गैस एजेंसी और रूपनगढ़ स्थित केसर पेट्रोलियम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रूपनगढ़ के सुरसुरा गांव स्थित लक्की होटल और कैलाश जाट की दुकान पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। नियमों के उल्लंघन पर त्वरित कार्यवाही करते हुए मौके से 2 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू एलपीजी का व्यावसायिक उपयोग कानूनन अपराध है और ऐसे प्रकरणों में विधिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी और घरेलू गैस के दुरुपयोग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस पूरी कार्यवाही में जिला रसद अधिकारी (द्वितीय) नीरज कुमार जैन के साथ प्रवर्तन अधिकारी रेणुका चतुर्वेदी, प्रवर्तन निरीक्षक अतुल बडाया और मुकेश कुमार बुगालिया शामिल रहे। उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए विभाग द्वारा आने वाले दिनों में भी इस प्रकार के निरीक्षण जारी रखे जाएंगे।

RELATED ARTICLES

1 COMMENT

Comments are closed.

Most Popular

Recent Comments