गोविन्द नारायण शर्मा बने भारत स्काउट गाइड अजमेर के डिस्ट्रिक्ट चीफ कमिश्नर
अजमेर : 22 जून 2026
राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय अजमेर में सोमवार को अजमेर जिले के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी समग्र शिक्षा अजमेर गोविन्द नारायण शर्मा ने भारत स्काउट व गाइड अजमेर के डिस्ट्रिक्ट चीफ कमिश्नर के पद पर कार्य ग्रहण किया। जिला सचिव अजमेर एस.एन. वैष्णव के अनुसार इससे पहले मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अजमेर के पद को हेमन्त कुमार मिश्रा मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्रीनगर अतिरिक्त प्रभार के रूप में देख रहे थे लेकिन वर्तमान में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी समग्र शिक्षा अजमेर के पद पर गोविन्द नारायण शर्मा को जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा के साथ अजमेर के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
विज्ञापन
अजमेर की सीओ गाइड अनीता तिवारी ने बताया कि नए डिस्ट्रिक्ट चीफ कमिश्नर के पद पर कार्य ग्रहण करते हुए गोविन्द नारायण शर्मा ने भारत स्काउट गाइड की आगामी गतिविधियों की जानकारी ली साथ ही आयोजित होने वाली गतिविधियों को सराहा और कहा कि भारत स्काउट गाइड संगठन 7 नवम्बर 1950 से अस्तित्व में आने के बाद नित नए आयाम स्थापित कर रहा है साथ ही राज्य सरकार की मंशा अनुरूप बालकों के सर्वांगीण विकास हेतु बेहतर कार्य कर रहा है निश्चित ही इस संगठन के माध्यम से बालक एक आदर्श नागरिक बन कर समाज में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
सीओ स्काउट नरेन्द्र खोरवाल ने बताया कि भारत स्काउट गाइड अजमेर के डिस्ट्रिक्ट चीफ कमिश्नर का विनोद दत्त जोशी सहायक राज्य संगठन आयुक्त अजमेर ने स्कार्फ पहना कर स्काउट परंपरा से अभिवादन किया। स्वागत के बाद आए अधिकारियों की बैठक लेते हुए गोविन्द नारायण शर्मा ने भारत स्काउट गाइड के आगामी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने के निर्देश प्रदान किए।
पदभार ग्रहण कार्यक्रम में विनोद दत्त जोशी सहायक राज्य संगठन आयुक्त अजमेर,सीओ स्काउट नरेन्द्र खोरवाल, स्काउट सहायक लोकेश कुमार शर्मा, मुंशी खान उपस्थित रहे।