Saturday, March 14, 2026
spot_img
Homeअजमेरजिले में घरेलू गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचें -...

जिले में घरेलू गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचें – जिला कलक्टर

जिले में घरेलू गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचें – जिला कलक्टर

कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई, गैस एजेंसियों को नियमानुसार आपूर्ति के दिए निर्देश

अजमेर :14 मार्च 2026

जिला कलक्टर लोक बन्धु ने जिलेवासियों को आश्वस्त करते हुए बताया कि अजमेर जिले में घरेलू गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त उपलब्धता है तथा गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू सिलेण्डरों की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि गैस सिलेण्डरों की कमी को लेकर फैल रही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं दें तथा अनावश्यक रूप से पैनिक बुकिंग या सिलेण्डरों का भण्डारण करने से बचें।

उन्होंने बताया कि अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं द्वारा एक साथ बड़ी संख्या में पैनिक बुकिंग किए जाने से गैस बुकिंग सर्वर पर अत्यधिक लोड आ गया था। इसके कारण कुछ समय के लिए बुकिंग प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। इसमें अब उपभोक्ताओं द्वारा यूपीआई सहित अन्य वैकल्पिक माध्यमों से भी बुकिंग किए जाने से सर्वर पर दबाव कम हुआ है और प्रणाली पुनः सामान्य हो गई है। वर्तमान में गैस सिलेण्डरों की बुकिंग एवं रिफिलिंग की प्रक्रिया सामान्य रूप से सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

जिला कलक्टर ने बताया कि जनवरी-फरवरी माह में प्रतिदिन औसतन लगभग 12,651 गैस सिलेण्डरों की बुकिंग एवं रिफिलिंग की जा रही थी, जबकि एक से 12 मार्च के बीच प्रतिदिन औसतन लगभग 13,391 बुकिंग तथा 12,151 रिफिलिंग दर्ज की गई। वहीं 13 मार्च को एक ही दिन में 16,005 बुकिंग तथा 11,984 रिफिलिंग दर्ज की गई, जो सामान्य मांग के अनुरूप है। इससे स्पष्ट है कि जिले में गैस की उपलब्धता पर्याप्त है तथा आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

उन्होंने बताया कि जिले में गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे नियमानुसार बुकिंग सुनिश्चित करें तथा वास्तविक पंजीकृत उपभोक्ताओं को ओटीपी आधारित व्यवस्था के माध्यम से घरेलू गैस सिलेण्डरों की होम डिलीवरी करें। इस व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन गैस रिफिल से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नम्बर 0145-2628932 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला कलक्टर ने बताया कि जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। साथ ही कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए जिले की प्रवर्तन इकाइयों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन, पुलिस एवं स्थानीय अधिकारियों के दलों के द्वारा जिले की समस्त 51 घरेलू गैस से संबंधित एजेंसियों की जांच की गई है। गैस एजेंसियो को प्राप्त होने वाले सिलेंडर, स्टॉक, बुकिंग तथा वितरण की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके लिए रोजाना दिन में तीन बार इसकी सूचना प्राप्त की जा रही है। अब तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 13 स्थानों पर प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए 35 गैस सिलेण्डर जब्त किए गए हैं तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत 13 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

जिला कलक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय सतर्कता यूनिट का गठन किया गया है। इसमें जिला प्रशासन, रसद विभाग, पुलिस विभाग एवं तेल कंपनियों के अधिकारी सम्मिलित हैं। इस यूनिट द्वारा गैस एजेंसियों का नियमित निरीक्षण कर स्टॉक, रिफिलिंग एवं वितरण व्यवस्था की जांच की जा रही है। जिला कलक्टर, पुलिस अधिकारियों सहित जिला रसद अधिकारी द्वारा गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर स्टॉक एवं रिफिल डिलीवरी की स्थिति का सत्यापन नियमित किया जा रहा है। साथ ही गैस बॉटलिंग प्लांट का भी निरीक्षण किया गया।

उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के लिए भी लगभग 20 प्रतिशत गैस आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। जिले में पूर्व से ही शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों, अन्नपूर्णा रसोई तथा अन्य आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत आपूर्ति की जा रही है। इससे आवश्यक सेवाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस सिलेण्डरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या घरेलू गैस का वाणिज्यिक उपयोग पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है, जिससे आमजन को बिना किसी बाधा के रसोई गैस सिलेण्डर उपलब्ध हो।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular