अजमेर दरगाह शरीफ के सर्वांगीण विकास के लिए उच्च स्तरीय बैठक आयोजित
अजमेर : 23 मार्च 2026
विश्व विख्यात सूफी संत हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह के विकास कार्यों के संबंध में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव एस. पी. राय एवं जिला कलक्टर लोक बंधु द्वारा आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में दरगाह शरीफ के सर्वांगीण विकास हेतु रूपरेखा तैयार करने तथा विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। संयुक्त सचिव द्वारा बताया गया कि ख्वाजा साहब की दरगाह एक अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त धार्मिक स्थल है। जहां देश-विदेश से लाखों की संख्या में जायरीन आते हैं। जायरीन को आधुनिक तकनीक के माध्यम से मूलभूत एवं उन्नत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार का प्रमुख उद्देश्य है।
विज्ञापन
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि इस संबंध में राज्य सरकार के साथ 17 नवम्बर 2025 को जयपुर में बैठक आयोजित की जा चुकी है तथा आगामी चरण की बैठक अप्रैल माह में प्रस्तावित है। दरगाह शरीफ के आंतरिक एवं बाहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए एक डीपीआर समिति गठित की गई है। समिति शीघ्र ही आवश्यक कार्यों की पहचान कर उनके लागत अनुमान एवं प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करेगी।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समयावधि में डीपीआर तैयार कर विकास कार्यों को गति प्रदान करें।
बैठक में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के निदेशक एस. पी. सिंह तेवतिया, अवर सचिव विनीत ग्रोवर, अतिरिक्त जिला कलक्टर ज्योति ककवानी सहित नगर निगम, अजमेर विकास प्राधिकरण, सार्वजनिक निर्माण विभाग, टाउन प्लानिंग, अग्निशमन विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।