नसीराबाद सिटी थाना पुलिस ने रात्रि में निकाला पैदल रूट मार्च
कानून व्यवस्था बनाए रखने व यातायात नियमों की पालना की दी हिदायत
नसीराबाद: 09 जुलाई 2026
(निखिल गुर्जर)
नसीराबाद शहर में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने के उद्देश्य से गुरुवार रात्रि को सिटी थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में सिटी थाना पुलिस ने मुख्य बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में रूट मार्च और पैदल गश्त की।
विज्ञापन
पैदल मार्च के दौरान पुलिस ने बाजार क्षेत्र की यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर अवैध एवं अव्यवस्थित रूप से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कारण यातायात बाधित होने पर संबंधित वाहन चालकों को नियमों का पालन करने तथा सड़क पर वाहन व्यवस्थित ढंग से खड़े करने की हिदायत दी गई।
पुलिस टीम ने बाजार में घूम रहे मनचलों को भी सख्त चेतावनी देते हुए पाबंद किया तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। सिटी थाना प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।
रूट मार्च के दौरान पुलिस जवानों ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों ने सराहना करते हुए इसे शहर की सुरक्षा और सुव्यवस्थित यातायात के लिए सकारात्मक पहल बताया।
इस दौरान सिटी थाना उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह, आम सूचना अधिकारी रिंकू मीणा, कांस्टेबल विजय, विजय सिंह गुर्जर, महेंद्र सिंह, ललित कुमार, जीवराज, योगेश सहित सिटी थाना पुलिस के अन्य जवान मौजूद रहे।