Tuesday, May 19, 2026
spot_img
HomeअजमेरMDSU के पर्यावरण विज्ञान विभाग का हिन्दुस्थान जिंक माइंस, कायड़ में शैक्षणिक...

MDSU के पर्यावरण विज्ञान विभाग का हिन्दुस्थान जिंक माइंस, कायड़ में शैक्षणिक भ्रमण आयोजित

महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने जाना सतत खनन का विज्ञान

पर्यावरण विज्ञान विभाग का हिन्दुस्थान जिंक माइंस, कायड़ में शैक्षणिक भ्रमण आयोजित

अजमेर : 19 मई 2026

 महार्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए अजमेर के कायड़ स्थित हिंदुस्तान जिंक माइंस का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को खनन उद्योग, पर्यावरण प्रबंधन तथा सतत विकास से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था। भ्रमण का नेतृत्व विभागाध्यक्ष प्रो. सुब्रतो दत्ता ने किया।

इस अवसर पर विभाग के प्राध्यापकगण तथा बी.एससी. एवं एम.एससी. पर्यावरण विज्ञान के विद्यार्थी उपस्थित रहे। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जिंक खनन की विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया तथा अयस्क निष्कर्षण, परिवहन, अपशिष्ट प्रबंधन, धूल नियंत्रण प्रणाली, जल संरक्षण तकनीकों एवं खनन क्षेत्र में अपनाए जा रहे पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

माइंस के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि आधुनिक खनन उद्योग पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक विकास के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए उन्नत तकनीकों का उपयोग कर रहे हैं। विद्यार्थियों को खनन क्षेत्रों में वायु, जल एवं मिट्टी की गुणवत्ता की निगरानी, पर्यावरणीय ऑडिट, माइंस क्लोजर प्लानिंग तथा पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन कार्यों से संबंधित प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर प्रो. सुब्रतो दत्ता ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप में समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण विज्ञान की भूमिका खनन क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है, क्योंकि खनन कंपनियों को पर्यावरणीय प्रभाव आकलन, प्रदूषण नियंत्रण, जैव विविधता संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन तथा पर्यावरणीय नियमों के अनुपालन के लिए प्रशिक्षित पर्यावरण विशेषज्ञों की आवश्यकता होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को सतत खनन की अवधारणा को समझने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने के लिए प्रेरित किया। भ्रमण में शामिल विद्यार्थियों ने बताया कि इस शैक्षणिक यात्रा से उन्हें खनन उद्योग में पर्यावरण विज्ञान की बढ़ती उपयोगिता को समझने का अवसर मिला तथा भविष्य में रोजगार एवं शोध की संभावनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। पर्यावरण विज्ञान विभाग समय-समय पर इस प्रकार के शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण आयोजित करता रहता है, जिससे विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित हो सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular