Thursday, May 28, 2026
spot_img
Homeअजमेरविधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने काजीपुरा लेपर्ड सफारी का किया निरीक्षण

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने काजीपुरा लेपर्ड सफारी का किया निरीक्षण

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने काजीपुरा लेपर्ड सफारी का किया निरीक्षण

प्राकृतिक पर्यटन के रूप में विकसित होगी भैरव घाटी, आमजन को शीघ्र मिलेगी सौगात

अजमेर : 28 मई 2026

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को निर्माणाधीन काजीपुरा लेपर्ड सफारी का निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लेपर्ड सफारी के निर्माण कार्यों में गति लाते हुए इसे इस वर्ष के अंत तक आमजन के लिए प्रारम्भ करने का प्रयास किया जाए।

विज्ञापन
विज्ञापन

विधानसभा अध्यक्ष ने सफारी परिसर में विकसित किए जा रहे टिकट विंडो, मुख्य द्वार, प्रशासनिक भवन तथा अन्य निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने चौकियों एवं वॉच टावर का भी मौका मुआयना कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सफारी ट्रैक का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इसे सुव्यवस्थित एवं पर्यटकों के अनुकूल विकसित करने के निर्देश दिए।

प्रे-बेस ऑगमेंटेशन एनक्लोजर में हर्बिवोर्स को किया जाएगा एक्लेमेटाइज

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि लगभग 4.5 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रे-बेस ऑगमेंटेशन एनक्लोजर विकसित किया जा रहा है, जहां हर्बिवोर्स को प्राकृतिक वातावरण में एक्लेमेटाइज किया जाएगा। बाद में इन्हें जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। इस क्षेत्र में फेंसिंग, शेल्टर एवं वाटर होल का निर्माण भी किया जा रहा है।

दीवारों पर दिखेगा राजस्थान की वन्य धरोहर का चित्रण

विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्य द्वार , टिकट खिड़की प्रशासनिक ब्लॉक सहित विभिन्न स्थलों पर राज्य पक्षी गोडावण एवं खड़मोर सहित अन्य वन्य जीवों एवं पक्षियों के चित्रों की आकर्षक वॉल पेंटिंग कर आकर्षक लुक दिया जाए । उन्होंने कहा कि इन कलात्मक चित्रों से सफारी का सौंदर्य बढ़ेगा तथा पर्यटकों को वन्य जीवन के प्रति जागरूकता मिलेगी।

चारदीवारी की गुणवत्ता जांची, अतिक्रमण रोकने के दिए निर्देश

देवनानी ने सफारी क्षेत्र में निर्मित की जा रही चारदीवारी के कार्यों की गुणवत्ता की जांच की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाए। उन्होंने वर्षा जल संरक्षण के लिए चेक डैमों में जल संचय सुनिश्चित करने एवं वृहद स्तर पर पौधारोपण करने के निर्देश भी दिए।

भैरव घाटी बनेगी प्राकृतिक पर्यटन का आकर्षक केन्द्र

उन्होंने कहा कि भैरव घाटी प्राकृतिक रूप से अत्यंत खूबसूरत क्षेत्र है तथा यहां विकसित की जा रही लेपर्ड सफारी अजमेर में प्राकृतिक पर्यटन को नई पहचान देगी। उन्होंने भैरव मंदिर क्षेत्र के विहंगम दृश्य को व्यू पॉइंट के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही घाटी क्षेत्र में सनसेट प्वाइंट, सेल्फी प्वाइंट एवं अन्य पर्यटन स्थलों को नेचुरल लुक के साथ विकसित करने को कहा। उन्होंने सूरजपोल स्थित सम्राट पृथ्वीराज चौहान के अस्तबल क्षेत्र को भी व्यू पॉइंट के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। पर्यटकों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थलों पर बैठने एवं अल्पाहार की व्यवस्था विकसित करने के सुझाव भी दिए।

सफारी ट्रैक एवं वॉच टॉवर का भी किया मौका मुआयना

विधानसभा अध्यक्ष ने सफारी ट्रैक एवं क्षेत्र में विकसित किए जा रहे वॉच टॉवर का भी निरीक्षण कर पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर सहायक वन संरक्षक विभा चौधरी सहित विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular