अजमेर बंद को लेकर प्रशासन-कांग्रेस में बनी शांतिपूर्ण व स्वैच्छिक बंद पर सहमति
शहरभर में कांग्रेस ने जोनवार टीमें तैनात की, सुबह 6 बजे से संभालेंगी मोर्चा
अजमेर : 22 जुलाई 2026
कल गुरुवार 23 जुलाई को आनासागर झील के मुद्दे पर प्रस्तावित अजमेर बंद को लेकर आज जिला प्रशासन और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बीच महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित हुई। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र कुमार मीणा के चेंबर में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बंद की तैयारियों, कानून-व्यवस्था और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में कांग्रेस की ओर से पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़, पूर्व विधायक गोपाल बाहेती, महेंद्र चौधरी, महेंद्र सिंह रलावता, द्रौपदी कोली सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हिमांशु जांगिड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. लालचंद कायल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन को भरोसा दिलाया कि अजमेर बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और स्वैच्छिक होगा। किसी भी व्यापारी, दुकानदार या आम नागरिक के साथ किसी प्रकार की जबरदस्ती नहीं की जाएगी। बंद केवल जनसहयोग और संवाद के माध्यम से सफल बनाया जाएगा। प्रशासन ने भी आवश्यक समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
कांग्रेस पार्टी ने दावा किया है कि बैठक में बंद के दौरान शहर के बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान, स्कूल, कॉलेज एवं पेट्रोल पंप बंद रहेंगे, जबकि अस्पताल, मेडिकल स्टोर, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं को बंद से पूर्णतः मुक्त रखा जाएगा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्कूल खुलेंगे या बंद रहेंगे ?
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गोविंद नारायण शर्मा ने एक आदेश जारी कर सभी सरकारी और निजी स्कूलों के प्रिंसिपल से स्कूलों का संचालन निर्धारित समय अनुसार करने को कहा है।
शहरभर में कांग्रेस ने जोनवार टीमें तैनात की – डॉ.जयपाल
कांग्रेस शहर कमेटी के जिलाध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने बताया कि बंद को सफल बनाने के लिए पूरे शहर को विभिन्न जोन में विभाजित कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टीमें गठित की गई हैं। सभी टीमें गुरुवार सुबह 6 बजे से अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर व्यापारियों एवं नागरिकों से शांतिपूर्वक सहयोग का आग्रह करेंगी।
फाइल
उन्होंने बताया कि जिला कांग्रेस कार्यालय में मुख्य कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूरे दिन बंद की गतिविधियों की निगरानी करेंगे और प्रत्येक जोन से पल-पल की जानकारी प्राप्त करेंगे। कांग्रेस ने विश्वास व्यक्त किया कि अजमेर की जनता के व्यापक सहयोग से 23 जुलाई का बंद पूरी तरह सफल, शांतिपूर्ण और अनुशासित रहेगा।