श्री पुष्कर मेला-2026 के कार्यक्रम का हुआ पोस्टर विमोचन
अजमेर : 7 अक्टूबर 2026
श्री पुष्कर मेला – 2026 के लिए कार्यक्रम पोस्टर का बुधवार को जिला कलक्टर लोक बन्धु द्वारा विमोचन किया गया। जिला कलक्टर लोक बन्धु ने बताया कि इस वर्ष मेले के विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं और व्यवस्थाओं के आधिकारिक कार्यक्रम (प्रोग्राम सेट) और पोस्टर का विमोचन किया गया है। विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेले का भव्य आयोजन 10 नवंबर से 26 नवंबर तक किया जाएगा। पर्यटन विभाग की गतिविधि मंगलवार 17 नवम्बर को झंडा रोहण से शुरू हो कर 24 नवम्बर तक रहेगी। मेला अवधि कार्तिक शुक्ल एकम् 10 नवंबर से शुरू होकर मार्गशीर्ष कृष्ण द्वितीया 26 नवंबर तक रहेगी।
लोकबंधु , जिला निर्वाचन अधिकारी (फाइल)
उन्होंने बताया कि पुष्कर मेले में विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियां होंगी। इस सम्बन्ध में कार्यक्रम पोस्टर का विमोचन किया गया। इसके अनुसार मंगलवार 17 नवम्बर को प्रातः 10 बजे मेला मैदान में पूजा, ध्वजारोहण एवं नगाड़ा वादन के साथ मेले का शुभारम्भ होगा। इसके पश्चात स्कूली छात्राओं द्वारा मांडना प्रतियोगिता और समूह नृत्य का आयोजन किया जाएगा। चक दे राजस्थान फुटबॉल मैच स्थानीय बनाम विदेशियों के मध्य होगा। सायं 6 बजे पुष्कर सरोवर घाट पर दीपदान, रंगोली, पुष्कर की महाआरती एवं पुष्कर सरोवर घाटों पर अभिषेक होगा। मेला मैदान मंच में पुष्कर की आवाज के अन्तर्गत स्थानीय कलाकारों द्वारा सायं 6.30 बजे प्रस्तुतियाँ दी जाएगी। सायं 7 बजे राजस्थानी लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ मेला मैदान में प्रस्तुत की जाएगी।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि बुधवार 18 नवम्बर को मेला मैदान में प्रातः 10 बजे से लंगड़ी टांग, सतोलिया और गिल्ली डंडा के खेल स्थानीय बनाम विदेशियों के मध्य होंगे। साथ ही उष्ट्र श्रृंगार प्रतियोगिता तथा उष्ट्र नृत्य प्रतियोगिता भी होगी। मेला मैदान मंच पर सायं 6.30 बजे पुष्कर की आवाज में स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के पश्चात सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होंगी।
उन्होंने बताया कि गुरूवार 19 नवम्बर को मेला मैदान में प्रातः 10 बजे कबड्डी मैच स्थानीय बनाम विदेशी रहेगा। अश्व नृत्य प्रतियोगिता के पश्चात अंतरपंचायत समिति ग्रामीण खेल में रस्सा कस्सी, वॉलीबॉल एवं कबड्डी के खेल होंगे। मेला मैदान मंच में सायं 7 बजे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार 20 नवम्बर को गुरूद्वारा से मेला मैदान तक प्रातः 9 बजे आध्यात्मिक पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। दोपहर एक बजे मेला मैदान में अंतरपंचायत समिति ग्रामीण खेलकूद होंगे। अपराह्न 4 बजे शिल्पग्राम पुष्कर में फूड एण्ड क्राफ्ट महोत्सव का शुभारम्भ किया जाएगा। सायं 6 बजे पुष्कर सरोवर घाट पर महा आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात मेला मैदान मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि शनिवार 21 नवम्बर को मेला मैदान में प्रातः 10.30 बजे विदेशियों के लिए पगड़ी बांधना, तिलक प्रतियोगिता एवं मूंछ प्रतियोगिता होगी। दिनभर शिल्पग्राम पुष्कर में फुड एण्ड क्राफ्ट महोत्सव चलेगा। दोपहर 12 बजे अंतरपंचायत समिति ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होगी। सायं 6 बजे पुष्कर सरोवर घाट पर महाआरती होगी। मेला मैदान मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी।
उन्होंने बताया कि रविवार 22 नवम्बर को भी प्रातः से रात्रि तक शिल्पग्राम पुष्कर में फूड एण्ड क्राफ्ट महोत्सव चलेगा। मेला मैदान में प्रातः 10.30 बजे महिलाओं के लिए मटका रेस एवं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता होगी। पुष्कर सरोवर घाट पर सायं 6 बजे महाआरती होगी। मेला मैदान मंच पर सायं 7 बजे कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियाँ दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सोमवार 23 नवम्बर को भी प्रातः से रात्रि तक शिल्पग्राम पुष्कर में फूड एण्ड क्राफ्ट महोत्सव चलेगा। मेला मैदान में प्रातः 11 बजे लगान शैली आधारित क्रिकेट मैच होगा। पुष्कर सरोवर घाट पर सायं 6 बजे महाआरती होगी। मेला मैदान मंच पर सायं 7 बजे कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियाँ दी जाएगी।
File Photo
उन्होंने बताया कि मंगलवार 24 नवम्बर को मेला मैदान में प्रातः 10.30 बजे समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम, समूह नृत्य और कला जत्था यात्रा, मटका दौड़ तथा रस्साकस्सी प्रतियोगिताओं के साथ अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं के लिए पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम होगा। सायं 6 बजे पुष्कर सरोवर घाट में पुष्कर महाआरती होगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल एवं पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक प्रद्युम्न सिंह सहित पर्यटन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।