अन्तर्राज्यीय गिरोह की महिला गिरफ्तार, 2 आरोपी फरार
कोतवाली थाना पुलिस को मिली सफलता
अजमेर : 7 जून 2026
अजमेर के कोतवाली पुलिस थाना की टीम ने सर्राफा व्यवसायी को झांसा देकर सोने की चेन चोरी करने वाली शातिर महिला आरोपी को ग्वालियर से गिरफ्तार कर चोरी की गई दो सोने की चेन बरामद कर ली हैं।
विज्ञापन
जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर हिमांशु जांगिड़ तथा अजमेर नॉर्थ सीओ शिवम जोशी के पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना प्रभारी अनिल देव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।
वारदात बीती 30 मई को नया बाजार स्थित ललवाणी जेम्स एंड ज्वेलर्स में दो महिलाएं और एक पुरुष ग्राहक बनकर पहुंचे। आभूषण खरीदने के बहाने उन्होंने दुकान कर्मचारियों का ध्यान भटकाया और लगभग 27.060 ग्राम वजन की दो सोने की चेन चोरी कर लीं, जिनकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
विज्ञापन
दुकान मालिक विकास ललवाणी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिरों से सूचना जुटाई तथा तकनीकी सहायता से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ी हुई आरोपी महिला मनोरमा राजोरिया उर्फ कंचन को ग्वालियर (मध्य प्रदेश) से गिरफ्तार कर चोरी की गई दोनों सोने की चेन बरामद कर ली गईं।
जांच पड़ताल में सामने आया कि गिरोह के सदस्य पहले सर्राफा बाजार की रेकी करते हैं, फिर ग्राहक बनकर दुकानों में प्रवेश करते हैं। आभूषण खरीदने के बहाने एक सदस्य कर्मचारियों का ध्यान भटकाता है, जबकि दूसरा सदस्य मौका पाकर काउंटर से आभूषण चोरी कर लेता है। इसके बाद सभी आरोपी बहाना बनाकर दुकान से निकल जाते हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा अन्य शहरों में भी इसी प्रकार की वारदातें किए जाने की संभावना है, जिसकी जांच की जा रही है।गिरफ्तार आरोपी मनोरमा राजोरिया उर्फ कंचन उम्र 50 वर्ष शील नगर, बहोड़ापुर, ग्वालियर (मध्य प्रदेश) की रहने वाली है।