योग चेतना रैली में गूंजा स्वस्थ भारत का संकल्प- विधायक भदेल
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस महोत्सव हेतु जनजागरण अभियान तेज
योग भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने का सशक्त माध्यम
अजमेर : 19 जून 2026
आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 9 नम्बर पेट्रोल पम्प के समीप स्थित टोरंटो पैलेस में आयोजित होने वाले भव्य योग महोत्सव के पूर्व अजमेर शहर में योग के प्रति जन-जागरूकता एवं व्यापक जनभागीदारी निभाने के उद्देश्य से शुक्रवार सायंकाल विशाल योग चेतना रैली का आयोजन किया गया। विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, राजस्थान प्रांत एवं भारतीय जनता पार्टी, अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली को वीरभद्र जी महाराज द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। बड़ी संख्या में योग साधकों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली का उद्देश्य नागरिकों को योग के महत्व से अवगत कराना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस महोत्सव में अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करना था। रैली के दौरान योग, स्वास्थ्य, राष्ट्र निर्माण, भारतीय संस्कृति एवं आत्मानुशासन से जुड़े प्रेरक संदेशों के माध्यम से नागरिकों को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
धोलाभाटा से टोरंटो पैलेस तक निकली भव्य योग चेतना रैली
विधायक अनिता भदेल ने बताया कि रैली सायं 5ः30 बजे धोलाभाटा स्थित लक्ष्मी गार्डन से प्रारंभ हुई। रैली प्रोफेसर कॉलोनी, पानी की टंकी क्षेत्र, धाननाड़ी रोड, भजनगंज शिव मंदिर, अंगिरा नगर, बिहारीगंज एवं गोवा कॉलोनी सहित विभिन्न मार्गों से होती हुई टोरंटो पैलेस पहुंची। मार्ग में अनेक स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने रैली का स्वागत किया तथा योग के प्रति अपनी सकारात्मक भावना व्यक्त की। रैली में शामिल प्रतिभागी हाथों में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी संदेशों से युक्त तख्तियां लिए हुए चल रहे थे। ‘‘करें योग, रहें निरोग’’, ‘‘स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन’’ तथा ‘‘योग अपनाएं, रोग भगाएं’’ जैसे उद्घोषों से पूरा वातावरण योगमय हो गया। रैली के दौरान नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा अनेक लोगों ने नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया।
विज्ञापन
योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, संपूर्ण जीवन जीने की कला है-भदेल
रैली का नेतृत्व करते हुए विधायक अनिता भदेल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि यह मन, बुद्धि और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है। वर्तमान समय में जब तनाव, अनियमित जीवनशैली और विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में योग मानव जीवन को संतुलित एवं स्वस्थ बनाने का सबसे सरल, प्रभावी और प्राकृतिक उपाय है।
उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास, अनुशासन और आत्मनियंत्रण का विकास करता है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता एवं कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है। योग व्यक्ति को स्वयं से जोड़ने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करता है।
विकसित भारत के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका
भदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर अपनी सांस्कृतिक विरासत एवं आध्यात्मिक परंपराओं के माध्यम से नई पहचान बना रहा है। योग इस पहचान का सबसे सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित राष्ट्र की आधारशिला होते हैं और योग स्वस्थ समाज के निर्माण का सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल कर ले, तो स्वास्थ्य संबंधी अनेक समस्याओं से बचा जा सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से योग बना वैश्विक आंदोलन
विधायक भदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया, जिसके बाद योग को वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व पहचान मिली। आज विश्व के सैकड़ों देशों में करोड़ों लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं और भारतीय संस्कृति के इस महान उपहार को स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है कि हमारी प्राचीन ज्ञान परंपरा आज पूरी दुनिया को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा दे रही है। योग भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।
प्राणायाम, सूक्ष्म व्यायाम एवं ध्यान का कराया अभ्यास
योग चेतना रैली का समापन टोरंटो पैलेस में हुआ। विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, राजस्थान प्रांत के कार्यपद्धति प्रमुख डॉ. स्वतंत्र शर्मा ने उपस्थित योग कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं सूक्ष्म व्यायाम-ध्यान का अभ्यास प्रतिदिन कराया गया। उन्होंने विभिन्न योग क्रियाओं के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है तथा मानसिक तनाव को कम करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने उपस्थित सभी नागरिकों से प्रतिदिन कम से कम कुछ समय योग एवं ध्यान के लिए निकालने का आग्रह करते हुए कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
विज्ञापन
21 जून को आयोजित होगा भव्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस महोत्सव
विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी शाखा अजमेर के नगर प्रमुख अंकुर प्रजापति ने बताया कि 21 जून को टोरंटो पैलेस, भजनगंज में आयोजित होने वाला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस महोत्सव भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक योगाभ्यास, प्राणायाम, ध्यान, योग जागरूकता संदेश तथा स्वास्थ्य संवर्धन संबंधी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। विधायक भदेल ने अजमेर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से आह्वान किया कि वे अधिकाधिक संख्या में योग महोत्सव में सहभागी बनकर योग को जन-जन तक पहुंचाने के इस अभियान को सफल बनाएं तथा स्वस्थ, समर्थ, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी शाखा अजमेर के डॉ स्वतंत्र शर्मा कार्य पद्धति प्रमुख राजस्थान प्रान्त,अंकुर प्रजापति नगर प्रमुख,संतोष आचार्य, कार्यकर्ता श्यामवीर साहित्य प्रमुख जितेंद्र गहलोत, सह व्यवस्था प्रमुख प्रवीण कुमार , युवा प्रमुख गणपत सिंह, कार्यालय प्रमुख तेज सिंह, राकेश, राजेश शर्मा व्यवस्था टोली एवं समस्त विवेकानंद केंद्र के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।