सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों ने किया विरोध प्रदर्शन
अजमेर : 22 जून 2026
अजमेर रेलवे स्टेशन पर रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने पास सुविधा की ऑनलाइन व्यवस्था के विरोध में रेल बोर्ड प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलॉइज यूनियन अजमेर के सेवानिवृत्त प्रकोष्ठ “ऑल इंडिया रेलवे पेंशनर्स वेलफेयर फेडरेशन” के सचिव सुमेर सिंह शेखावत के नेतृत्व में अजमेर रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों पेंशनर्स ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद रेल कर्मचारी अपने पैतृक गांव में बसते हैं और अधिकांश जगह नेटवर्क की समस्या से ऑनलाइन पास सुविधा, दुविधा बन गई है। अधिक आयु वाले पेंशनर स्मार्ट फोन का उपयोग नहीं करते हैं, उन्हें भी ऑनलाइन पास सुविधा प्राप्त करने में परेशानी हो रही है। इसे तुरन्त रोकने की मांग की।
विज्ञापन
प्रदर्शन को सुमेर सिंह शेखावत, अरुण गुप्ता, गोपाल शर्मा, ओ पी माथुर, गिरधारी मंडाड, मोहन लाल शर्मा, बीना मंचंदिया, बाल मुकंद सेन, गणपत लाल शर्मा, जी डी शर्मा, मधु जैन ने सम्बोधित किया। गौरतलब है कि ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन ने भी रेलवे बोर्ड को पत्र लिखकर पेंशनर्स के लिए ऑनलाइन पास की व्यवस्था से नाराजगी प्रकट की है।