जिला कलक्टर ने 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान का किया शुभारंभ
जनजागरूकता से टीबी उन्मूलन का किया आह्वान
विश्व क्षय रोग दिवस 2026
टीबी हारेगा देश जीतेगा
अजमेर : 24 मार्च 2026
विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में जागरूकता, स्क्रीनिंग एवं उपचार आधारित गतिविधियों का व्यापक आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर लोकबंधु ने यूसीएचसी पंचशील से 100 दिवसीय विशेष टीबी मुक्त भारत अभियान का विधिवत शुभारंभ करते हुए आमजन से इस जनआंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा टीबी रोग के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों, समय पर जांच एवं उपचार से क्षय रोग के उन्मूलन का लक्ष्य निश्चित रूप से प्राप्त किया जा सकता है।
विज्ञापन
जिला कलक्टर ने कहा कि 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के चिन्हित उच्च जोखिम क्षेत्रों में विशेष आयुष्मान आरोग्य शिविरों का आयोजन कर 14 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों की व्यापक स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाएगी।
इन शिविरों में एचबी, शुगर, बीपी एवं बीएमआई जांच के साथ आवश्यकतानुसार एक्स-रे जांच की जाएगी तथा संदिग्ध मामलों में एनएएटीजांच के माध्यम से रोग की पुष्टि कर समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जांच एवं उपचार की सुविधा पहुंचाई जाए, जिससे कोई भी संभावित रोगी छूटे नहीं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्स्ना रंगा ने आमजन से अपील की कि वे राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़कर निक्षय मित्र बनें तथा टीबी मरीजों को उपचार अवधि के दौरान पोषण सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करें।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. लोकेश गुप्ता ने चिकित्सा कार्मिकों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक संभावित रोगियों की पहचान, जांच एवं उपचार सुनिश्चित करते हुए राज्य सरकार के टीबी उन्मूलन लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर यूसीएचसी पंचशील में संयुक्त निदेशक डॉ. संपत सिंह जोधा की अध्यक्षता में कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। इसमें आरसीएचओ डॉ. स्वाति शिंदे सहित जिले के समस्त बीसीएमओ, एमओटीसी, सीएचओ, आशा सहयोगिनी, एनजीओ प्रतिनिधि एवं टीबी उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े हेल्पिंग पार्टनर्स ने भाग लिया। कार्यशाला में टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगी संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के उच्च जोखिम वाले समूहों एवं स्थानों जैसे छात्रावास, वृद्धाश्रम, अनाथालय, जेल, किशोर निरोध केंद्र, निराश्रित केंद्र, रैन बसेरा, बीपीएल आवास एवं औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष गतिविधियों का आयोजन कर व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग एवं जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा।
विज्ञापन
विश्व क्षय रोग दिवस के उपलक्ष्य में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय स्वास्थ्य संकुल भवन से टीबी जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इसे संयुक्त निदेशक डॉ. संपत सिंह जोधा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्स्ना रंगा, डॉ. रामस्वरूप किरडिया एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. लोकेश गुप्ता द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली सीएमएचओ कार्यालय से प्रारंभ होकर पुरानी चौपाटी तक पहुंची, जिसमें नर्सिंग स्टूडेंट्स, आशा सहयोगिनी एवं विभागीय कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए टीबी के लक्षण, जांच एवं उपचार के प्रति आमजन को जागरूक किया।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने टीबी हारेगा, देश जीतेगा के संदेश के साथ आमजन से अपील की है कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच करवाएं तथा उपचार को पूर्ण रूप से अपनाकर इस बीमारी के उन्मूलन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।