नसीराबाद नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक संपन्न, प्रभारी नियुक्त
कांग्रेस का लक्ष्य नसीराबाद नगर पालिका में मजबूत बोर्ड का गठन करना है—विधानसभा प्रभारी मो. इकबाल
नसीराबाद : 27 अगस्त 2026
( निखिल गुर्जर )
नसीराबाद नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों, वार्डवार संगठनात्मक गतिविधियों और संभावित दावेदारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
विज्ञापन
बैठक के दौरान विधानसभा प्रभारी मोहम्मद इकबाल ने वार्डवार कार्यकर्ताओं एवं दावेदारों से मुलाकात कर नगर पालिका चुनाव के लिए आवेदन प्राप्त किए। वहीं चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए जिला उपाध्यक्ष अजय गौड़ एवं संपत सिंह राठौड़ को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया। दोनों प्रभारियों को वार्डवार संगठनात्मक समन्वय एवं चुनावी गतिविधियों की जिम्मेदारी सौंपी गई।
विधानसभा प्रभारी मोहम्मद इकबाल ने कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन द्वारा सभी दावेदारों में से योग्य एवं मजबूत कार्यकर्ता का चयन कर उसे टिकट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिसे भी पार्टी का टिकट मिले, सभी कार्यकर्ता आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ कांग्रेस प्रत्याशी को विजय दिलाने के लिए कार्य करें।
मोहम्मद इकबाल ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य नसीराबाद नगर पालिका में मजबूत बोर्ड का गठन करना है। इसके लिए संगठन के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ चुनावी तैयारियों में जुटें।
बैठक में मौजूद वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने तथा आगामी नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस को विजय दिलाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
अंत में नगर अध्यक्ष योगेश परिहार ने बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं दावेदारों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में विधानसभा प्रभारी मोहम्मद इकबाल, नसीराबाद कांग्रेस प्रत्याशी शिव प्रकाश गुर्जर, पूर्व विधायक रामनारायण गुर्जर, पूर्व विधायक महेंद्र सिंह गुर्जर, श्रीनगर ब्लॉक अध्यक्ष संपत सिंह राठौड़, जिला उपाध्यक्ष अजय गौड़ एवं नगर अध्यक्ष योगेश परिहार सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।