वाल्मीकि समाज का पैदल मार्च, सफाई कार्य बंद करने की चेतावनी
500 रुपये मानदेय और स्थायी नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन
अजमेर : 3 जून 2026
(मानसी माहेश्वरी की रिपोर्ट )
अजमेर शहर में आज नगर के अस्थाई सफाई कर्मचारियों और वाल्मीकि समाज के सफाईकर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर नगर निगम में सफाई ठेका संभाल रही कंपनी ठेकदार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
महिला एवं पुरुष सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम की पुरानी बिल्डिंग गांधी भवन से हाथों में झाड़ू लेकर कचहरी रोड से होते हुए नारेबाजी करते हुए विशाल रैली निकाली और जिला मुख्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारी अस्थाई सफाईकर्मियों एवं वाल्मिकी समाज के प्रतिनिधियों ने प्रतिदिन ₹500 मानदेय निर्धारित करने की मांग की है जबकि उनका कहना है कि ठेकदार द्वारा उन्हें फिलहाल ₹260 प्रतिदिन देने की बात कही जा रही है।
सफाईकर्मियों का कहना है कि वर्तमान में मिलने वाला ₹260 प्रतिदिन का वेतन महंगाई के इस दौर में परिवार के भरण-पोषण के लिए पर्याप्त नहीं है। इसके अलावा कर्मचारियों ने ठेका प्रथा समाप्त कर अस्थायी सफाई कर्मचारियों को स्थायी नियुक्ति देने की मांग भी उठाई है।
विज्ञापन
सफाई कर्मचारियों ने बताया कि उनकी हड़ताल का तीसरा दिन है। लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद समाधान नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है। कर्मचारियों ने कहा कि सफाई व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उन्हें उचित वेतन और रोजगार सुरक्षा मिलनी चाहिए।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि मांगें नहीं माने जाने की स्थिति में सफाई कार्य भी बंद कर दिया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन की होगी।