हाईटेंशन लाइन के तार चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश
नसीराबाद सदर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
नसीराबाद : 24 मई 2026
अजमेर जिले की नसीराबाद सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन हाईटेंशन विद्युत लाइन से एल्यूमिनियम तार चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त पिकअप एवं बोलेरो वाहन सहित चोरी किए गए तार भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अजमेर के निर्देश पर जिलेभर में हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइनों से तार चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नसीराबाद सदर थाना क्षेत्र में ब्यावर-दौसा ट्रांसमिशन लाइन निर्माण कार्य कर रही कंपनी की ओर से रात के समय एल्यूमिनियम तार चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक कृष्ण कुमार यादव एवं नसीराबाद सदर थाना प्रभारी अशोक विशु के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की गई।
विज्ञापन
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जितेंद्र सिंह, महावीर सिंह, संजय सिंह, दीपक सिंह, रवि सिंह, दिनेश सिंह एवं विजय सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अप्रैल एवं मई माह में विभिन्न स्थानों पर हाईटेंशन लाइन के तार चोरी की कई वारदातें करना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 17 बंडल एल्यूमिनियम तार, दो वाहन तथा तार काटने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य संलिप्त लोगों के संबंध में पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है। इस कार्रवाई में नसीराबाद सदर थाना पुलिस की विशेष टीम की अहम भूमिका रही।